दिल्ली स्थित सुप्रीम कोर्ट में आज एक अप्रत्याशित घटना हुई, जब चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (CJI) बीआर गवई की बेंच के सामने एक वकील ने हंगामा कर दिया. आरोप है कि वकील ने जज की ओर जूता फेंकने की कोशिश की. मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने होशियारी दिखाते हुए वकील को तुरंत हिरासत में ले लिया.
जस्टिस गवई बने रहे शांत
घटना के दौरान CJI बीआर गवई पूरी तरह शांत रहे. उन्होंने सुनवाई बीच में रोकने से इनकार किया और कहा “इन चीजों से मुझे फर्क नहीं पड़ता.” इसके बाद कोर्ट में अन्य मामलों की कार्यवाही सामान्य रूप से जारी रही.
आरोपी वकील की पहचान राकेश किशोर के रूप में हुई है. बताया गया कि उनका सुप्रीम कोर्ट बार काउंसिल में पंजीकरण वर्ष 2011 में हुआ था. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वकील ने डेस्क के पास जाकर जूता निकाला और CJI की ओर फेंकने का प्रयास किया. लेकिन सुरक्षा कर्मियों ने उसे समय रहते रोक लिया. बाहर ले जाए जाने के दौरान वह चिल्लाया “सनातन का अपमान नहीं सहेंगे.”
घटना के बाद कोर्ट परिसर में बढ़ाई गई सुरक्षा
मामले की गंभीरता को देखते हुए सुप्रीम कोर्ट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है. सुरक्षाकर्मी और बेंच अधिकारी इस घटना से सतर्क हैं, ताकि ऐसी किसी और स्थिति से निपटा जा सके.
सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन से जुड़े एक वरिष्ठ वकील ने कहा “यह बेहद शर्मनाक घटना है. किसी वकील द्वारा अदालत में इस तरह का व्यवहार अस्वीकार्य है. न्यायालय की गरिमा का उल्लंघन किसी भी रूप में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता.”
घटना के पीछे का कारण
सूत्रों के मुताबिक, आरोपी वकील हाल ही में ‘लॉर्ड विष्णु’ से जुड़े एक केस में आए कोर्ट के कमेंट से नाराज था. माना जा रहा है कि उसी विवाद को लेकर उसने यह कदम उठाया. फिलहाल, पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




