Bharat Express DD Free Dish

बाढ़ पीड़ितों के बीच पहुंचे CM भजनलाल: हवाई सर्वे कर बोले- ‘कोई परेशान नहीं होना चाहिए’

Rajasthan Flood News: राजस्थान में इन दिनों बाढ़ से हाहाकार मचा हुआ है. इस बीच मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा (CM Bhajanlal Sharma) ने हवाई सर्वे कर अधिकारियों को कई निर्देश दिए हैं.

CM Bhajanlal Sharma Aerial Survey Flood Affected Areas In Rajasthan

CM भजनलाल शर्मा ने किया हवाई सर्वे

Flood In Rajasthan: राजस्थान में हाल की अतिवृष्टि और जलभराव की चुनौतीपूर्ण स्थिति के बीच मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा (CM Bhajanlal Sharma) ने सवाई माधोपुर, करौली और धौलपुर जिलों के प्रभावित क्षेत्रों का व्यापक हवाई सर्वेक्षण कर हालात की समीक्षा की. मुख्यमंत्री का यह दौरा न केवल प्रशासनिक तत्परता का प्रतीक है, बल्कि राज्य सरकार की जनसंवेदनशीलता और आपदा के समय आमजन के साथ खड़े रहने की प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है.

मुख्यमंत्री शर्मा ने सवाई माधोपुर जिले के चकचैनपुरा, करौली जिले के मण्डरायल तथा धौलपुर जिले के बिश्नोदा में सीधे प्रभावित लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं. उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी प्रभावित व्यक्ति को राहत पाने में कोई कठिनाई नहीं होनी चाहिए और सभी जरूरी सहायता त्वरित रूप से उपलब्ध कराई जाए.

CM Bhajanlal Sharma ने लिया नुकसान का जायजा

सीएम ने सवाई माधोपुर जिले के चकेरी, जडावता, अजनोटी, मेनपुरा, धनोली, सूरवाल, खण्डार की क्षतिग्रस्त बोदल पुलिया, करौली जिले के कसेड़, केमकछ, टोड़ी, मल्हापुरां, रांचौली, रहुघाट, मण्डरायल; तथा धौलपुर जिले के कठूमरा, महमदपुरा, बक्सपुरा, चीलपुरा, चाडियान का पुरा, गढ़ी जाफर, बसई घीयाराम, अंधियारी, निभी का ताल और उर्मिला सागर बांध (बाड़ी) जैसे क्षेत्रों का हवाई निरीक्षण कर वहां हुए जलभराव और नुकसान का जायजा लिया.

प्रभावी योजना की जा रही तैयार

उन्होंने (CM Bhajanlal Sharma) स्पष्ट किया कि राज्य सरकार स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है. जिलाधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ नियमित संवाद के जरिए फीडबैक लिया जा रहा है, जिससे राहत कार्यों में किसी प्रकार की देरी न हो. उन्होंने निर्देश दिए कि स्कूल, अस्पताल, आंगनबाड़ी और सड़क जैसे सार्वजनिक संस्थानों की मरम्मत को प्राथमिकता दी जाए और फसलों के नुकसान का आंकलन (गिरदावरी) शीघ्र पूर्ण कर मुआवजा दिलाया जाए.

ये भी पढ़ें: ड्रैगन का नया ‘वॉटर बम’: भारत-बांग्लादेश के लिए कितना खतरनाक? ब्रह्मपुत्र में सबसे बड़ा बांध बनाएगा चीन

सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा कि हर वर्ष बारिश व बाढ़ से उत्पन्न होने वाली समस्याओं का दीर्घकालिक समाधान आवश्यक है. इसके लिए जल निकासी, नालों की सफाई, और बाढ़ रोकथाम के लिए आधारभूत ढांचे को मजबूत किया जा रहा है. चंबल नदी के किनारे बसे गांवों में स्थायी समाधान हेतु प्रभावी योजना तैयार की जा रही है.

2700 लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया

राज्य सरकार की तत्परता का उदाहरण यह भी है कि धौलपुर जिले में राहत एवं बचाव कार्यों के लिए एसडीआरएफ की 4 टीमें तथा एनडीआरएफ और सेना की टीमें तैनात की गई हैं. अब तक इन प्रयासों से 2700 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है. सवाई माधोपुर जिले में मानसरोवर बांध के डाउनस्ट्रीम में स्थित बोदल पुलिया की मरम्मत भी शीघ्रता से पूरी कर यातायात पुनः सुचारू कर दिया गया है.

राजस्थान की जनसंवेदनशील सरकार

मुख्यमंत्री के साथ आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा, सहकारिता राज्य मंत्री श्री गौतम कुमार दक, गृह राज्य मंत्री श्री जवाहर सिंह बेढ़म सहित क्षेत्रीय विधायकगण भी मौजूद रहे, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि राज्य सरकार आपदा से निपटने में पूरी तरह एकजुट और सक्रिय है. मुख्यमंत्री का यह दौरा बताता है कि राजस्थान सरकार न केवल राहत कार्यों में तत्पर है, बल्कि वह आने वाले वर्षों के लिए दीर्घकालिक समाधान की दिशा में भी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ रही है.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read