Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

पीएम मोदी को भेंट की मां गंगा की प्रतिकृति और हर्षिल का राजमा, सीएम धामी संग कई बड़े प्रोजेक्ट्स पर हुई चर्चा

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर दिल्ली-हल्द्वानी एक्सप्रेस-वे, प्रमुख रेल परियोजनाओं, चिन्यालीसौड़ एयरस्ट्रिप और किच्छा में आयुर्वेद संस्थान की स्थापना को लेकर चर्चा की.

CM Pushkar Singh Dhami Meets PM Modi In Delhi Discusses Uttarakhand Connectivity Tourism Projects

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर राज्य के समग्र विकास, कनेक्टिविटी, पर्यटन, स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाओं पर चर्चा की. इस दौरान सीएम धामी ने प्रधानमंत्री को देवभूमि की समृद्ध लोककला और विरासत से जुड़े खास उपहार भेंट किए, जिनमें मलारी की हस्तनिर्मित कोट की पट्टी, दोरखा, शुद्ध शहद, बद्री घी, हर्षिल का राजमा, लाल चावल और हरिद्वार कुंभ-2027 की भव्यता को दर्शाती मां गंगा की प्रतिकृति शामिल रही.

एक्सप्रेस-वे, रेल लाइनों और एम्स-आयुर्वेद संस्थान की मांग

मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने पर्वतीय राज्य की भौगोलिक परिस्थितियों का हवाला देते हुए ईएपी कैपिंग (EAP Capping) से छूट देने और चिन्यालीसौड़ एयरस्ट्रिप के विस्तार व सिविल-मिलिट्री उपयोग के लिए सहयोग मांगा. कुमाऊं और गढ़वाल की कनेक्टिविटी मजबूत करने के लिए उन्होंने दिल्ली से हल्द्वानी तक एक्सप्रेस-वे निर्माण, टनकपुर-बागेश्वर और बागेश्वर-कर्णप्रयाग रेल लाइन के सर्वे व टनल निर्माण, हरिद्वार-देहरादून रेल लाइन के दोहरीकरण तथा ऋषिकेश-उत्तरकाशी रेल लाइन के प्रस्ताव पर स्वीकृति देने का अनुरोध किया. इसके साथ ही ऊधमसिंह नगर के किच्छा में अखिल भारतीय आयुर्वेदिक संस्थान की स्थापना की मांग भी रखी.

शीतकालीन यात्रा और ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ की रफ्तार

सीएम धामी ने कुंभ-2027 के लिए 500 करोड़ रुपये, एसएएससीआई (SASCI) के तहत करीब 9,500 करोड़ रुपये, आरडीएसएस योजना में 3,436.08 करोड़, देहरादून रिंग रोड, देहरादून-मसूरी रोपवे और मेरठ-हरिद्वार आरआरटीएस फिजिबिलिटी स्टडी में केंद्र के सहयोग के लिए आभार जताया.

उन्होंने बताया कि राज्य में रामनगर, देहरादून, ऋषिकेश, त्रियुगीनारायण के साथ चौपता-दुगलबिट्टा, पटवाडांगर और शारदा कॉरिडोर को वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है, जबकि तीन नए आध्यात्मिक आर्थिक क्षेत्र भी चिह्नित हुए हैं. शीतकालीन यात्रा में 73 हजार से अधिक श्रद्धालु पहुंचे और आदि कैलाश में 73,041 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए. वहीं ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड का टर्नओवर 6.9 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है और एक्सपोर्ट प्रिपेयर्डनेस इंडेक्स में उत्तराखंड छोटे राज्यों में पहले स्थान पर है.

यह भी पढ़ें: बर्ड फ्लू के खिलाफ भारत की पहली स्वदेशी वैक्सीन पर क्या बोले पीएम मोदी?

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism