Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन के कॉन्क्लेव को CM योगी ने किया संबोधित, जेम्स एंड ज्वैलर्स पार्क की स्थापना का किया आह्वान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन के कॉन्क्लेव में यूपी की आर्थिक उपलब्धियों, कानून-व्यवस्था में सुधार और जेम्स एंड ज्वैलर्स पार्क की स्थापना पर जोर देते हुए व्यापारियों को सहयोग का आश्वासन दिया.

CM Yogi Adityanath

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को होटल क्लार्क अवध, लखनऊ में IBJA कॉन्क्लेव में सम्मिलित हुए और कार्यक्रम को संबोधित किया.

Edited by Akansha

लखनऊ, 8 मई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को लखनऊ के होटल क्लार्क अवध में आयोजित इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (इबजा) के कॉन्क्लेव को संबोधित किया. अपने संबोधन में उन्होंने बीते आठ साल में राज्य की अर्थव्यवस्था और कानून व्यवस्था को मजबूत करने में हुई उल्लेखनीय प्रगति की विशेष रूप से चर्चा की. उन्होंने एसोसिएशन से आग्रह किया कि वे उत्तर प्रदेश में जेम्स एंड ज्वैलर्स पार्क की स्थापना के लिए एक विस्तृत रोडमैप तैयार करें.

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रदेश में सुरक्षा का बेहतरीन माहौल है. यह अपराध और माफिया मुक्त प्रदेश बन चुका है. सबको पता है कि दु:साहसियों के दु:साहस को यूपी पुलिस मिनटों में चकनाचूर कर देती है. सीएम योगी ने जेम एंड ज्वैलरी से जुड़े व्यापारियों को आश्वस्त किया कि सरकार हर कदम पर आपके साथ है. सीएम योगी ने लखनऊ में कॉन्क्लेव के आयोजन के लिए इबजा को विशेष रूप से धन्यवाद दिया. उन्होंने कहा कि यह आयोजन न केवल व्यापारिक संभावनाओं को बढ़ावा देगा, बल्कि सरकार के ‘आठ साल बेमिसाल’ अभियान को गति देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा.

आर्थिक विकास में जेम्स एंड ज्वैलर्स का महत्वपूर्ण योगदान

सीएम योगी ने जेम्स एंड ज्वैलर्स उद्योग की भारत की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका का जिक्र किया. उन्होंने बताया कि यह क्षेत्र देश की जीडीपी में 7 प्रतिशत का योगदान देता है और आयात शुल्क तथा जीएसटी के माध्यम से भी इसका योगदान अद्वितीय है. उन्होंने कहा कि जेम्स एंड ज्वैलर्स उद्योग न केवल आर्थिक विकास में योगदान देता है, बल्कि रोजगार सृजन और वैश्विक बाजार में भारत की पहचान को भी मजबूत करता है.

यूपी में सुरक्षा और कानून व्यवस्था में हुआ है सुधार

मुख्यमंत्री ने पिछले एक दशक में देश और विशेष रूप से पिछले आठ वर्षों में उत्तर प्रदेश में सुरक्षा और कानून व्यवस्था में आए सकारात्मक बदलावों पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि आठ साल पहले यूपी में कानून व्यवस्था की स्थिति बदहाल थी. पर्व-त्योहारों पर अशांति, दंगे और व्यापारियों व बेटियों की असुरक्षा आम थी. लेकिन 2017 में जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भरोसा जताते हुए बीजेपी को जनादेश दिया. आज यूपी न केवल दंगा मुक्त, बल्कि माफिया मुक्त भी हो गया है. सभी पर्व-त्योहार चाहे वे किसी भी जाति या धर्म से संबंधित हों, शांति और सौहार्द के साथ मनाए जा रहे हैं. इस बेहतर माहौल ने व्यापार और निवेश के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनाई हैं. उन्होंने कहा कि आज यूपी में वर्ल्ड-क्लास इन्फ्रास्ट्रक्चर और सभी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हैं, जो व्यापारियों के लिए अनंत संभावनाएं प्रदान करती हैं.

जेम्स एंड ज्वैलर्स पार्क की स्थापना का किया आह्वान

सीएम योगी ने जेम्स एंड ज्वैलर्स पार्क की स्थापना का आह्वान करते हुए इसे यूपी की अर्थव्यवस्था के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया. उन्होंने इबजा से एक ऐसा मॉडल तैयार करने का आग्रह किया, जिसमें डिजाइन, तकनीक, प्रोसेसिंग, पैकेजिंग, सप्लाई चेन और निर्यात को शामिल किया जाए. उन्होंने कहा कि यूपी 25 करोड़ की आबादी वाला विशाल राज्य है और आसपास के क्षेत्रों को जोड़कर यह 30 करोड़ लोगों के व्यापार, रोजगार, स्वास्थ्य और शिक्षा की जरूरतों को पूरा करता है. सीएम ने कहा कि इस बाजार का लाभ उठाने के लिए हमें आधुनिक दृष्टिकोण अपनाना होगा। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि सरकार सुरक्षा और संवाद के माध्यम से व्यापारियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करेगी.

सीएम ने की सेफ सिटी और तकनीकी प्रगति की चर्चा

मुख्यमंत्री ने सेफ सिटी के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सरकार द्वारा उठाए गए कदमों का जिक्र किया. उन्होंने बताया कि पुलिस का रिस्पॉन्स टाइम, जो पहले 25-30 मिनट था, अब 7-8 मिनट तक कम हो गया है. इसके अलावा, 2017 में जहां पूरे प्रदेश में केवल एक साइबर थाना था, वहीं आज हर जनपद में साइबर थाना और हेल्पडेस्क स्थापित किए गए हैं. फॉरेंसिक अपराधों को रोकने के लिए हर जनपद में थाना और लैब्स की स्थापना की गई है और पिछले साल एक फॉरेंसिक इंस्टीट्यूट भी स्थापित किया गया है. सीएम ने व्यापारिक प्रतिष्ठानों से सीसीटीवी कैमरों का उपयोग बढ़ाने की अपील की. उन्होंने कहा कि पहले डीवीआर वाले सीसीटीवी कैमरे लगाए जाते थे, लेकिन अब बिना डीवीआर वाले आधुनिक कैमरे लगाए जा रहे हैं. इस तकनीक ने बड़ी घटनाओं का त्वरित अनावरण संभव बनाया है. यूपी पुलिस किसी भी अपराधी के दुस्साहस को मिनटों में चकनाचूर कर सकती है.

गिनाईं यूपी की आर्थिक उपलब्धियां

मुख्यमंत्री ने यूपी की आर्थिक प्रगति के आंकड़े साझा करते हुए कहा कि 1947 से 2017 तक यूपी की अर्थव्यवस्था 12.75 लाख करोड़ रुपये थी, जो आज बढ़कर 30 लाख करोड़ रुपये हो गई है. उन्होंने कहा कि 70 साल में हम जहां पहुंचे थे, आज हम आठ साल में उससे 150 प्रतिशत आगे निकल गए हैं. प्रति व्यक्ति आय जो 2017 में 46 हजार रुपये थी, अब 1.10 लाख रुपये हो गई है. उन्होंने यह भी बताया कि 2017 में यूपी देश की सातवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था था, लेकिन आज यह दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है. पहले बीमारू राज्य के रूप में जाना जाने वाला यूपी आज देश का ग्रोथ इंजन बन चुका है.

व्यापारियों से की अपील, जताया विश्वास

अंत में सीएम योगी ने इबजा और व्यापारियों से अपील की कि वे इस अनुकूल माहौल का लाभ उठाकर अपने व्यवसाय को नई ऊंचाइयों तक ले जाएं. उन्होंने विश्वास जताया कि जेम्स एंड ज्वैलर्स उद्योग न केवल यूपी, बल्कि पूरे देश की अर्थव्यवस्था, रोजगार, और नई पहचान को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा. उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आपके साथ है. हम मिलकर यूपी को एक नई दिशा देंगे.

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital