Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

दानापुर में जर्जर मकान की छत गिरी, एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत

पटना जिले के दानापुर में इंदिरा आवास योजना के तहत बने जर्जर मकान की छत गिरने से एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई.

Danapur Accident: पटना जिले के दानापुर में रविवार को बड़ा हादसा हो गया. एक पुराने मकान की छत अचानक भरभराकर गिर गई, जिसमें एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई. मृतकों की पहचान बबलू खान (32), उनकी पत्नी रौशन खातून (30), बेटा मोहम्मद चांद (10), बेटी रूकशार (12) और दो साल की मासूम चांदनी के रूप में हुई है. इस घटना से पूरे इलाके में मातम छा गया.

ग्रामीणों ने शुरू किया राहत कार्य

छत गिरने की आवाज और चीखपुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़े. सभी ने मिलकर मलबा हटाने की कोशिश की और दबे हुए परिवार को निकालने का प्रयास किया. लेकिन जब तक लोग उन्हें बाहर निकाल पाते, तब तक बहुत देर हो चुकी थी. पूरे गांव में इस हादसे से गम और आक्रोश का माहौल है.

पुलिस और प्रशासन मौके पर

घटना की सूचना मिलते ही अकिलपुर थाना पुलिस दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंची. ग्रामीणों की मदद से मलबा हटाया गया और शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. थाना प्रभारी विनोद ने बताया कि प्रशासनिक अधिकारियों को सूचना दे दी गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है.

इंदिरा आवास योजना का जर्जर मकान

ग्रामीणों ने बताया कि यह मकान करीब दस साल पहले इंदिरा आवास योजना के तहत बनाया गया था. समय के साथ मकान जर्जर होता चला गया. हाल के दिनों में लगातार बारिश और नमी के कारण दीवारें कमजोर हो गई थीं और छत में दरारें पड़ चुकी थीं. परिवार की आर्थिक स्थिति खराब होने के कारण वे इसकी मरम्मत नहीं करा पाए.

प्रशासन से जांच की मांग

ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में ऐसे कई मकान हैं जो अब पूरी तरह जर्जर हो चुके हैं और लोगों की जान के लिए खतरा बने हुए हैं. उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि सभी पुराने इंदिरा आवास मकानों की जांच कराई जाए और जरूरत पड़ने पर इन्हें दोबारा बनाया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाएं न हों.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital