Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

दिल्ली विधानसभा चुनाव: कांग्रेस ने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की, संदीप दीक्षित, देवेंद्र यादव को टिकट

कांग्रेस ने गुरुवार को अपनी पहली सूची जारी की, जिसमें कुल 21 उम्मीदवारों के नाम हैं. नई दिल्ली सीट से पूर्व सांसद संदीप दीक्षित को और बादली विधानसभा सीट से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव को टिकट दिया गया है.

Congress

दिल्ली विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस ने गुरुवार (12 दिसंबर) देर शाम अपनी पहली सूची जारी कर दी. इस सूची में पार्टी ने कुल 21 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं. नई दिल्ली सीट से पूर्व सांसद संदीप दीक्षित को और बादली विधानसभा सीट से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव को टिकट दिया गया है.

नई दिल्ली विधानसभा सीट पर संदीप दीक्षित का मुकाबला आप के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से हो सकता है. यह उनकी पारंपरिक सीट रही है जहां से साल 2013 से वह तीन बार लड़े हैं और हर बार जीते हैं. हालांकि आप ने अब तक इस सीट पर अपने प्रत्याशी की घोषणा नहीं की है.

अवध ओझा बनाम अनिल चौधरी

बादली विधानसभा सीट से कांग्रेस ने देवेंद्र यादव को टिकट दिया है. इसके अलावा पटपड़गंज से अनिल चौधरी को टिकट दिया है, जहां उनका मुकाबला आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार अवध ओझा से होगा.

इनके अलावा नरेला से अरुणा कुमारी, बुरारी से मंगेश त्यागी और आदर्श नगर से शिवानी सिंघल को मैदान में उतारा गया है. सुल्तानपुर माजरा से जय किशन, नांगलोई जाट से रोहित चौधरी, शालीमार बाग से प्रवीण जैन और वजीरपुर से रागिनी नायक को उम्मीदवार बनाया गया है.

बल्लीमारान से पूर्व मंत्री हारून यूसुफ

सदर बाजार से अनिल भारद्वाज, चांदनी चौक से मुदित अग्रवाल, बल्लीमारान से दिल्ली के पूर्व मंत्री हारून यूसुफ और तिलक नगर से पी.एस. बावा को कांग्रेस ने टिकट दिया है. द्वारका से आदर्श शास्त्री, कस्तूरबा नगर से अभिषेक दत्त, छतरपुर से राजिंदर तंवर, अंबेडकर नगर से जय प्रकाश, ग्रेटर कैलाश से गर्वित सिंघवी, सीलमपुर से अब्दुल रहमान और मुस्तफाबाद से अली मेंहदी चुनाव लड़ेंगे.

दिल्ली विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं. हालांकि, चुनाव आयोग ने अभी तक तारीखों की घोषणा नहीं की है. दिल्ली में पिछले विधानसभा चुनाव 2020 में हुए थे, जिनमें 8 फरवरी को मतदान हुआ था और 11 फरवरी को नतीजे घोषित किए गए थे. इस चुनाव में आप ने विधानसभा की 70 सीटों में से 62 सीटें जीती थीं, जबकि भाजपा को आठ सीटों पर जीत मिली थी. कांग्रेस को कोई सीट नहीं मिली थी.


ये भी पढ़ें: JNU में फिल्म ‘द साबरमती रिपोर्ट’ की स्क्रीनिंग के दौरान बवाल, चले पत्थर


-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital