दीपावली के पावन त्योहार से पहले राजधानी दिल्ली को साफ-सुथरा, जगमग और सुंदर बनाने के लिए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पूरी तरह एक्शन मोड में आ गई हैं. दिल्ली सचिवालय में एक उच्चस्तरीय बैठक के दौरान उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को कड़ी हिदायत दी है कि त्योहारों के इस सीजन में शहर के किसी भी कोने में गंदगी, कूड़े के ढेर या अंधेरा नहीं दिखना चाहिए. सीएम ने साफ कर दिया है कि राजधानी की सुंदरता और स्वच्छता से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
पोस्टरबाजों पर गिरेगी गाज
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से दो टूक कहा कि वे सिर्फ एयर-कंडीशन कमरों में बैठकर रिपोर्ट न लें, बल्कि खुद मैदान में उतरकर जमीनी हकीकत का जायजा लें. सड़कों, चौराहों, बाजारों और रिहायशी इलाकों में नियमित रूप से सफाई होनी चाहिए.
इसके अलावा, सार्वजनिक संपत्तियों और दीवारों पर धड़ल्ले से पोस्टर और बैनर लगाने वालों पर सरकार का हंटर चलने वाला है. सीएम रेखा गुप्ता ने निर्देश दिए हैं कि अवैध रूप से पोस्टर लगाने वालों के खिलाफ डिफेसमेंट एक्ट के तहत तुरंत एफआईआर दर्ज की जाए, ताकि शहर की दीवारों को गंदा करने की आदत पर लगाम लग सके.
डार्क स्पॉट्स खत्म करने के निर्देश
त्योहारों के दौरान शहर में रोशनी पुख्ता करने के लिए कहा है. विशेष तौर पर अंधेरे वाले स्थानों की पहचान कर वहां तुरंत लाइटें लगाने का निर्देश दिया है. इसके साथ ही पार्कों और सार्वजनिक शौचालयों की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं. सरकारी कार्यालयों, अस्पतालों और स्कूलों में भी दीपावली से पहले विशेष अभियान चलाकर कबाड़ और पुराने बेकार सामान का निस्तारण करने को कहा गया है. मुख्यमंत्री ने चेतावनी दी है कि इस काम में किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों की सीधी जवाबदेही तय की जाएगी.
यह भी पढ़ें: PK की एंट्री और अनंत सिंह की बगावत… बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर होने वाले चुनाव से पहले तेज हुई हलचल
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



