Bharat Express DD Free Dish
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital

दिल्ली हज समिति की इफ्तार पार्टी में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सहित प्रमुख नेताओं ने शामिल हो कर शांति,भाईचारे और प्रेम के साथ बढ़ने का दिया संदेश

दिल्ली हज समिति की इफ्तार पार्टी में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, किरेन रिजिजू सहित कई प्रमुख नेता शामिल हुए. सभी ने शांति, भाईचारे और प्रेम के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया.

Delhi Haj Committee, Iftar Party 2025, Rekha Gupta
Prashant Rai Edited by Prashant Rai

नई दिल्ली: दिल्ली हज कमेटी की अध्यक्ष और भाजपा नेता कौसर जहां ने शनिवार को इंडिया इस्लामिक कल्चरल सेंटर में इफ्तार पार्टी का आयोजन किया. इस इफ्तार में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू, दिल्ली सरकार में मंत्री प्रवेश वर्मा, दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता, भाजपा के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, आरएसएस नेता और मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के संरक्षक इंद्रेश कुमार, सांसद कमलजीत सहरावत, बंसरी स्वराज, विधायक अरविंदर सिंह लवली, त्रिवेंद्र सिंह मारवा, मुस्तफाबाद के विधायक मोहन सिंह बिष्ट, वरिष्ठ पत्रकार रजत शर्मा और बड़ी संख्या में प्रमुख राजनीतिक नेता,सामाजिक कार्यकर्ता और पत्रकार शामिल हुए.

आपसी भाईचारे से आगे बढ़ेगा देश: रेखा गुप्ता

इफ्तार में शामिल होने पहुंची दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मीडिया से बात करते हुए कहा, “देश आपसी भाईचारे के साथ आगे बढ़े और विकास करे, इस देश में सबके लिए जगह है, सबके दिल में जगह है. भारत एक महान लोकतांत्रिक देश है, इस लोकतंत्र में हमें आपसी भाईचारे और प्रेम के साथ आगे बढ़ना है.” इस बीच रेखा गुप्ता ने कौसर जहां को गले लगाकर रमजान की बधाई दी और अपनी खुशी का इजहार किया.

रमजान के पवित्र महीने से भाईचारा बढ़ेगा: किरेन रिजिजू

केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू ने दिल्ली हज समिति की इफ्तार पार्टी में मीडिया से बात करते हुए कहा कि रमजान का पवित्र महीना चल रहा है. विभिन्न स्थानों पर इफ्तार पार्टियां आयोजित की जाती हैं. हम दिल्ली हज समिति की अध्यक्ष कौसर जहां के निमंत्रण पर यहां आए हैं. होली एक दिन पहले ही मनाई जा चुकी है. जब हम ऐसे पवित्र त्योहारों पर मिलते हैं तो हमारा आपसी प्रेम बढ़ता है. हम मिल जुल कर रहने और भाईचारे को बढ़ावा देने की अपील करते हैं. हम, मुस्लिम समुदाय के विद्वानों के साथ इस बात पर चर्चा करते रहते हैं कि हम किस प्रकार मिलकर भलाई के लिए काम कर सकते हैं. उन्होंने दिल्ली हज कमेटी की अध्यक्ष कौसर जहां की प्रशंसा करते हुए कहा कि वह बहुत अच्छा काम करती हैं ,इस लिए उनकी पूरी टीम को बधाई देता हूं.

त्यौहार हमेशा मिलजुल कर मनाए जाते रहे हैं: सैयद शाहनवाज हुसैन

भाजपा के वरिष्ठ नेता और राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन ने कहा कि इफ्तार का निमंत्रण आया है और वह इसमें शामिल होने आए हैं. इफ़्तार के निमंत्रण आते रहते हैं. त्यौहार चलते रहते हैं, कहीं कोई संघर्ष नहीं है. इस पर कभी कोई विवाद नहीं हुआ, लेकिन विपक्ष के लोग बयानबाजी करते रहे हैं. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश और संभल में सब कुछ नियंत्रण में है, लेकिन झारखंड में नहीं है. हम एक-दूसरे के उत्सवों में शामिल होते हैं और जश्न मनाते हैं. सब को मिल कर रहना चाहिए.

हमारा देश प्रेम और सद्भाव के खूबसूरत धागे में बंधा है: कौसर जहां

इस अवसर पर दिल्ली हज कमेटी की अध्यक्ष और मेजबान कौसर जहां ने मीडिया से बातचीत में कहा कि आज मैंने इफ्तार पार्टी का आयोजन किया है. होली के अगले दिन इफ्तार की दावत दी गई है. इसमें मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू और कई मंत्री, सांसद और विधानसभा सदस्य शामिल हुए. आम लोग भी बड़ी संख्या में आ रहे हैं. “यह इस बात का प्रतीक है कि हमारा देश प्रेम और सद्भाव के सुंदर धागे में बंधा हुआ है. कौसर जहां ने कहा, “रमजान का महीना बरकत और इबादत का महीना है. अल्लाह हमारी सारी इबादत कबूल करे और हमें बरकत दे.” ईद 15 दिन में आ रही है, इसलिए मैं सभी को ईद की शुभकामनाएं देना चाहती हूं. “सभी को रमजान मुबारक.


ये भी पढ़ें- हमने शांति और विकास को अपनाया, पाकिस्तान ने विभाजन को: इंद्रेश कुमार


-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital