Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

दिल्ली-एनसीआर को मिल सकती है गर्मी से राहत, आज बदलेगा मौसम का मिजाज, यूपी-बिहार में भी होगी बारिश

दिल्ली और एनसीआर में चिपचिपी गर्मी और उमस के बीच आज राहत की उम्मीद है. 27 जुलाई को मौसम विभाग ने तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश की भविष्यवाणी की है. यूपी, बिहार और अन्य राज्यों में भी बारिश के आसार हैं.

Delhi ka Mausam

Delhi Ka Mausam: दिल्ली और NCR में पिछले कई दिनों से लोग चिपचिपी गर्मी और उमस से बेहाल हैं. जुलाई का महीना बीतने को है लेकिन मानसून की रफ्तार धीमी ही बनी हुई है. बादल जरूर रोज आते हैं, मगर बरसने का नाम नहीं लेते.

ऊपर से तेज धूप और भारी उमस ने हालात और मुश्किल कर दिए हैं. शनिवार को भी सूरज पूरी ताकत से चमका और लोगों का घर से बाहर निकलना किसी जंग जीतने जैसा लगने लगा.

लेकिन अब राहत की खबर आई है. मौसम विभाग के मुताबिक, रविवार यानी 27 जुलाई को मौसम अपना रंग बदलेगा. दिन में कई इलाकों में हल्की से लेकर मध्यम और कहीं-कहीं तेज बारिश हो सकती है.

अगर बारिश 3-4 घंटे लगातार होती है तो उमस में बड़ी राहत मिलेगी, लेकिन अगर बादल सिर्फ थोड़ी देर छेड़खानी करके निकल गए तो गर्मी और चुभेगी.

दिल्ली में कैसा रहेगा आज का मौसम?

दिल्ली में बीते हफ्ते से बारिश नदारद है, हल्की फुहारों से बस उमस और बढ़ गई है. फिलहाल न घर के भीतर सुकून है, न बाहर की हवा राहत देती है. आज मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ अच्छी बारिश देखने को मिल सकती है.

आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास और न्यूनतम 29 डिग्री रहने की उम्मीद है. रोहिणी, पीतमपुरा, बादली, मुंडका, पंजाबी बाग और पश्चिम विहार जैसे क्षेत्रों में बारिश के संकेत हैं.

IMD का कहना है कि 1 अगस्त तक दिल्ली-एनसीआर में रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी, कभी हल्की तो कभी तेज. इस दौरान 35 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चलेंगी.

यूपी, बिहार और अन्य राज्यों में मौसम का हाल

उत्तर प्रदेश में मानसून का असर कुछ बेहतर दिख रहा है. बांदा, आगरा, चित्रकूट, सोनभद्र, मिर्जापुर, मुरादाबाद, बरेली और रामपुर जैसे जिलों में भारी बारिश के आसार हैं. इसके अलावा पीलीभीत, झांसी, ललितपुर और आसपास के क्षेत्रों में भी झमाझम बारिश हो सकती है.

बिहार में बीते कुछ दिनों से तेज धूप और गर्मी ने परेशान कर रखा है. मगर रविवार को राहत की उम्मीद है. पटना, गया, मधुबनी, नवादा, वैशाली, बक्सर और बेगूसराय जैसे जिलों में आज बारिश हो सकती है.

राजस्थान, गुजरात, झारखंड, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भी आज मौसम बदला-बदला सा नजर आएगा. कहीं तेज बारिश तो कहीं हल्की फुहारें लोगों को राहत देंगी.

ये भी पढ़ें- Mann Ki Baat: पीएम मोदी आज 11 बजे करेंगे ‘मन की बात’, प्रसारित होगा 124वां एपिसोड

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital