Bharat Express DD Free Dish

दिल्ली-NCR में अचानक पलटा मौसम, आसमान में छाई धूल की परत; जानें अगले 24 घंटे का पूर्वानुमान

दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है. तेज धूप और उमस से परेशान लोगों को अब कहीं-कहीं बारिश और धूल भरी हवाओं से थोड़ी राहत मिली है.

Aaj Ka Mausam weather update april 1 delhi ncr chandigarh rain alert hailstorm forecast

(AI Image)

दिल्ली और एनसीआर में मौसम ने एक बार फिर अचानक रुख बदल लिया है. पिछले कुछ दिनों से जहां लोग तेज धूप और उमस से परेशान थे, वहीं अब आसमान में बादलों की आवाजाही और धूल भरी हवा ने माहौल बदल दिया है. कई इलाकों में हल्की बारिश भी देखने को मिली, जिससे गर्मी से कुछ राहत जरूर मिली है.

गुरुवार की सुबह इस सीजन की अब तक की सबसे गर्म सुबहों में से एक रही. न्यूनतम तापमान करीब 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से ज्यादा है. दिन चढ़ने के साथ तापमान 39 डिग्री के आसपास पहुंचने का अनुमान था, लेकिन दोपहर बाद मौसम ने करवट ली और आसमान में बादल छा गए. धूल भरी हवाओं के साथ कई जगहों पर बारिश की बूंदों ने लोगों को थोड़ी राहत दी.

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने पहले ही दिल्ली के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया था. इसमें गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई थी. अलर्ट के मुताबिक, मौसम का यह बदलाव अचानक नहीं बल्कि एक बड़े सिस्टम का हिस्सा है.

जानिए क्यों बदला मौसम?

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, इस बदलाव के पीछे राजस्थान और पाकिस्तान के पश्चिमी हिस्सों के ऊपर बना एक “इंड्यूस्ड साइक्लोनिक सर्कुलेशन” यानी प्रेरित चक्रवाती परिसंचरण है. इसी सिस्टम की वजह से धूल के कण हवा के साथ दिल्ली-एनसीआर तक पहुंच गए, जिससे आसमान में धुंध जैसी परत बन गई और वायु गुणवत्ता भी प्रभावित हुई.

राजस्थान में गर्मी का कहर जारी

दूसरी तरफ राजस्थान में मौसम का मिजाज काफी अलग है. कुछ इलाकों में आंधी और हल्की बारिश जरूर हुई, लेकिन ज्यादातर हिस्सों में भीषण गर्मी जारी है. कई शहरों में तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है. बाड़मेर में तापमान 42.9 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि जैसलमेर भी 42 डिग्री से ऊपर रहा.

राज्य के 18 से ज्यादा शहरों में पारा 40 डिग्री के पार पहुंच चुका है, जिससे दोपहर में बाहर निकलना मुश्किल हो गया है. गर्म हवाएं यानी लू लोगों की परेशानी और बढ़ा रही हैं. सबसे चिंताजनक बात यह है कि अब रातें भी गर्म होने लगी हैं और कई जगह न्यूनतम तापमान 26 डिग्री से ऊपर दर्ज किया जा रहा है.

आगे कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग का अनुमान है कि उत्तरी राजस्थान में अगले कुछ दिनों में आंधी-बारिश के चलते तापमान में थोड़ी गिरावट हो सकती है, लेकिन इसके बाद फिर से गर्मी बढ़ने के आसार हैं. पश्चिमी राजस्थान में हीटवेव का असर अगले एक सप्ताह तक बना रह सकता है.

यह भी पढ़े: ’30 सालों से अटके विधेयक को पारित करा दिया,’ पीएम मोदी की तारीफ कर कंगना रनौत ने साधा विपक्ष पर निशाना

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read