Bharat Express DD Free Dish

दिल्ली पुलिस को बड़ी कामयाबी, गैंगस्टर हाशिम बाबा की पत्नी जोया खान गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने गैंगस्टर हाशिम बाबा की पत्नी जोया खान को ड्रग्स तस्करी के मामले में गिरफ्तार किया. 270 ग्राम हेरोइन बरामद की गई, जिसकी कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब एक करोड़ रुपये है.

Delhi Police

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल को बड़ी कामयाबी मिली है. कुख्यात गैंगस्टर हाशिम बाबा की तीसरी पत्नी जोया खान को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस को लंबे समय से शक था कि वह हाशिम बाबा के गैंग को चला रही थी और उसके अवैध धंधों में बराबर की हिस्सेदारी रखती थी. पुलिस और एजेंसियां पिछले कई सालों से उसके खिलाफ सबूत जुटाने की कोशिश कर रही थीं, लेकिन वह हर बार बच निकलती थी. इस बार स्पेशल सेल ने उसे ड्रग्स मामले में गिरफ्तार किया है.

270 ग्राम हेरोइन के साथ रंगे हाथों पकड़ी गई

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल को जानकारी मिली थी कि जोया खान नॉर्थ ईस्ट दिल्ली के वेलकम इलाके में मादक पदार्थों की तस्करी कर रही है. पुलिस ने इलाके में जाल बिछाया और 270 ग्राम हेरोइन के साथ उसे रंगे हाथों पकड़ लिया. जब्त की गई हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई जा रही है. पुलिस को शक है कि यह खेप हाशिम बाबा के गैंग के लिए ही लाई गई थी.

गौरतलब है कि हाशिम बाबा इस समय तिहाड़ जेल में बंद है, लेकिन उसका गैंग अब भी सक्रिय है. कहा जाता है कि जेल में रहते हुए भी वह अपने गुर्गों को निर्देश देता था और उसका पूरा नेटवर्क बाहर से संचालित किया जा रहा था. इस नेटवर्क की कमान उसकी पत्नी जोया खान संभाल रही थी. पुलिस को लंबे समय से इस बात की जानकारी थी, लेकिन ठोस सबूत न मिलने के कारण अब तक कोई कार्रवाई नहीं हो पाई थी.

अब पुलिस करेगी पूरे नेटवर्क की पड़ताल

जोया खान की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह नशीला पदार्थ कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी. पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में जोया से कई अहम जानकारियां मिल सकती हैं, जिससे हाशिम बाबा के गैंग के अन्य सदस्यों तक भी पहुंचा जा सकेगा.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read