Bharat Express DD Free Dish

दिल्ली में IRS अधिकारी की बेटी की हत्या मामले में बड़ा खुलासा: आरोपी ने 40 मिनट में वारदात को दिया अंजाम

IRS officer daughter murder: दिल्ली के ईस्ट ऑफ कैलाश में IRS अधिकारी की 22 वर्षीय बेटी के साथ रेप और हत्या की वारदात हुई. पुलिस ने महज 12 घंटे में आरोपी राहुल मीणा को द्वारका के होटल से गिरफ्तार कर लिया.

IRS officer daughter murder: दिल्ली के ईस्ट ऑफ कैलाश स्थित कैलाशा हिल्स में बुधवार को IRS अधिकारी की 22 वर्षीय बेटी के साथ रेप और हत्या की घटना ने पूरे इलाके को हिला दिया. पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर इस केस को सुलझाते हुए आरोपी राहुल मीणा को द्वारका के एक होटल से गिरफ्तार कर लिया.

आरोपी की गिरफ्तारी

दिल्ली पुलिस के दक्षिणी रेंज के ज्वाइंट कमिश्नर विजय कुमार ने बताया कि आरोपी को पकड़ने के लिए 15 टीमों का गठन किया गया था. कई इलाकों में छापेमारी के बाद शाम को द्वारका के एक OYO होटल से राहुल को गिरफ्तार किया गया.

40 मिनट में वारदात

CCTV फुटेज से पता चला कि राहुल सुबह करीब 6:30 बजे कॉलोनी में दाखिल हुआ और 6:39 बजे घर में घुसा. 7:20 बजे तक उसने वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया. यानी महज 40 मिनट में उसने रेप और हत्या दोनों कर दी.

पैसों की जरूरत

पुलिस जांच में सामने आया कि राहुल ऑनलाइन गेमिंग और बेटिंग का आदी था. पैसों की कमी के चलते वह लोगों से उधार लेता था और लौटाता नहीं था. वारदात से पहले उसने अपना फोन भी 10 हजार रुपये में बेच दिया था. IRS अधिकारी के घर में काम करते समय वह पैसों में हेरफेर करता था, इसी वजह से उसे नौकरी से निकाल दिया गया था. बदला लेने और पैसों की जरूरत के चलते उसने यह कदम उठाया.

वारदात से पहले अलवर में अपराध

पुलिस ने बताया कि वारदात से एक दिन पहले राहुल ने अलवर में भी एक महिला के साथ यौन अपराध किया था. वहां भी उसके खिलाफ केस दर्ज हुआ है. इससे साफ है कि उसकी मानसिक प्रवृत्ति अपराध की ओर झुकी हुई थी.

घर की जानकारी का फायदा

राहुल को घर की पूरी जानकारी थी. वह जानता था कि मेड के लिए एक अतिरिक्त चाबी रखी जाती है. इसी का इस्तेमाल कर उसने ऊपरी मंजिल पर बने कमरे में प्रवेश किया और युवती को अपना शिकार बनाया. वारदात के बाद वह घर से 2.5 लाख रुपये लेकर फरार हो गया.

परिवार की सूचना पर खुला राज

बुधवार सुबह युवती के माता-पिता वॉक पर गए थे. लौटने पर उन्होंने बेटी को बेहोश हालत में पाया और तुरंत अस्पताल ले गए लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. शुरुआती जांच में शक राहुल पर गया और CCTV फुटेज ने उसकी पहचान पक्की कर दी.

ये भी पढ़ें-मिर्जापुर में भीषण सड़क हादसा, 11 की मौत, हादसे से इलाके में सनसनी

पुलिस की कार्रवाई

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रेप, हत्या और लूट की धाराओं में केस दर्ज किया है. ज्वाइंट कमिश्नर विजय कुमार ने कहा कि आरोपी के खिलाफ पर्याप्त सबूत हैं और उसे कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की कोशिश की जाएगी.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read