Delhi News: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पाकिस्तान से जुड़े एक बड़े आतंकी और आपराधिक नेटवर्क का पर्दाफाश किया है. इस कार्रवाई में सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस के अनुसार, यह गिरोह पाकिस्तान में बैठे शाहजाद भट्टी और अजमल गुज्जर के इशारे पर काम कर रहा था.
हथियार और कारतूस बरामद
पुलिस ने छापेमारी के दौरान 5 पिस्टल, 41 जिंदा कारतूस, 7 मोबाइल फोन और एक स्कॉर्पियो गाड़ी बरामद की है. यह नेटवर्क पंजाब के रास्ते अवैध हथियार और नशीले पदार्थ दिल्ली-एनसीआर तक पहुंचाता था.
सोशल मीडिया से भर्ती
जांच में सामने आया कि गिरोह सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को अपने जाल में फंसाता था. उन्हें जल्दी पैसा कमाने और अपराध की दुनिया की चमक दिखाकर शामिल किया जाता था. इसके बाद उन्हें हथियारों और नशे की तस्करी जैसे काम सौंपे जाते थे.
मई 2026 में मिली थी सूचना
स्पेशल सेल को मई 2026 में जानकारी मिली थी कि पाकिस्तान समर्थित हैंडलर दिल्ली-एनसीआर में बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं. इसके बाद पुलिस ने जाल बिछाकर मोहित उर्फ योगी को पकड़ा. उसके पास से अवैध हथियार और पाकिस्तान से संपर्क के सबूत मिले.
दिल्ली-एनसीआर में रेकी
पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरोह के सदस्य दिल्ली, गाजियाबाद और आसपास के कई अहम स्थानों की रेकी कर रहे थे. इन जगहों की तस्वीरें और वीडियो पाकिस्तान भेजे जा रहे थे. पुलिस का कहना है कि समय रहते कार्रवाई कर संभावित हमलों को टाल दिया गया.
ड्रोन से भेजे जा रहे थे हथियार
जांच में यह भी पता चला कि पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए हथियार और नशे की खेप पंजाब में गिराई जाती थी, जिसे आरोपी दिल्ली-एनसीआर तक पहुंचाते थे.
पुराने अपराधों में भी शामिल
गिरफ्तार आरोपियों पर पहले से हत्या, हत्या के प्रयास, डकैती, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के कई मामले दर्ज हैं. पुलिस अब फरार आरोपियों और फंडिंग करने वालों की तलाश कर रही है.
गिरफ्तार आरोपी
- अनस उर्फ अनस त्यागी (26) – लोनी, गाजियाबाद निवासी, तीन आपराधिक मामले दर्ज.
- मोहित उर्फ योगी (26) – लोनी, गाजियाबाद निवासी, पाकिस्तान से हजारों बार संपर्क.
- दीपक उर्फ दीपक अग्रोला (38) – गाजियाबाद निवासी, 23 आपराधिक मामले दर्ज.
- आरिफ उर्फ प्रधान (30) – लोनी, गाजियाबाद निवासी, आर्म्स और एनडीपीएस एक्ट में आरोपी.
- करणवीर सिंह (26) – फतेहगढ़ साहिब, पंजाब निवासी, एनडीपीएस एक्ट में आरोपी.
- जतन (29) – गाजियाबाद निवासी, हत्या के प्रयास के दो मामले दर्ज.
- साबिर (30) – लोनी, गाजियाबाद निवासी, नेटवर्क से जुड़ा हुआ.
ये भी पढ़ें-आनंद मोहन सिंह का जदयू नेताओं पर हमला, बेनामी संपत्ति और जमीन घोटाले के आरोप
आगे की जांच
पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे हो सकते हैं. इस कार्रवाई से साफ है कि पाकिस्तान समर्थित नेटवर्क दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय था और समय रहते इसे पकड़ लिया गया.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



