Bharat Express DD Free Dish

संसद मार्ग थाने पर बवाल के बाद हरकत में पुलिस, स्वतंत्र भारद्वाज पर कसेगा शिकंजा, FIR में जुड़ेगा SC-ST एक्ट

Delhi Police Action: दिल्ली में छात्रा निशु आजाद के पिता संजय पर हुए कथित हमले के मामले में पुलिस ने अब SC-ST एक्ट की धाराएं जोड़ने का फैसला किया है.

SC/ST Act to be invoked against Swatantra Bhardwaj.

स्वतंत्र भारद्वाज पर लगेगा SC-ST एक्ट

Delhi Police Action: दिल्ली में छात्रा निशु आजाद के पिता संजय पर हुए कथित हमले के मामले में अब पुलिस ने अपना रुख बदल लिया है. सूत्रों के मुताबिक, आरोपी स्वतंत्र भारद्वाज पर दर्ज FIR में जल्द ही SC-ST एक्ट की धाराएं जोड़ी जाएंगी. साथ ही पीड़ित संजय की दोबारा मेडिकल जांच कराई जाएगी ताकि चोटों की गंभीरता के आधार पर यह तय किया जा सके कि हत्या की कोशिश का केस भी दर्ज किया जाए या नहीं.

गिरफ्तारी की तैयारी में पुलिस

पुलिस सूत्रों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी. मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की धाराएं तय होंगी. इस कदम को विपक्षी नेताओं और संगठनों के दबाव का नतीजा माना जा रहा है.

संसद मार्ग थाने पर प्रदर्शन

इससे पहले कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रवक्ता सौरव दास और बड़ी संख्या में समर्थक संसद मार्ग थाने के बाहर जुटे. उन्होंने स्वतंत्र भारद्वाज के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की. प्रदर्शन उस इंटरव्यू के वायरल होने के बाद हुआ जिसमें भारद्वाज ने खुद संजय पर हमला करने का दावा किया था.

CJP कार्यकर्ताओं ने लगाए नारे

CJP कार्यकर्ताओं ने ‘न्याय करो’ के नारे लगाए और दिल्ली पुलिस पर आरोप लगाया कि वह आरोपी को बचा रही है. उनका कहना था कि संजय को गंभीर चोटें आई हैं लेकिन पुलिस मामले को हल्का दिखा रही है.

पुलिस का क्या कहना है?

दिल्ली पुलिस ने इन आरोपों का खंडन किया. पुलिस का कहना है कि संजय को सिर की हड्डी नहीं टूटी, बल्कि मामूली चोट आई थी. उनकी शिकायत पर केस दर्ज किया गया था. प्रदर्शन को देखते हुए थाने के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई और अतिरिक्त पुलिसकर्मी तैनात किए गए.

चंद्रशेखर आजाद ने किया समर्थन

इस प्रदर्शन में आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष और सांसद चंद्रशेखर आजाद भी पहुंचे. उन्होंने CJP नेताओं सौरव दास और आशुतोष रंका का समर्थन किया और कहा कि दिल्ली पुलिस आरोपी को बचाने की कोशिश कर रही है.

CJP प्रवक्ता ने क्या कहा?

CJP प्रवक्ता सौरव दास ने कहा कि जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान हिंसा हुई. उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली में अपराधी खुलेआम घूम रहे हैं और पुलिस उन्हें छूट दे रही है. उनका कहना था कि पुलिस ने खुद कहा था कि 2800 अपराधियों की पहचान की गई है, फिर भी कार्रवाई नहीं हो रही.

राहुल गांधी ने क्या वादा किया?

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर निशु और उसके परिवार को न्याय दिलाने का वादा किया. उन्होंने लिखा कि निशु को इसलिए निशाना बनाया गया क्योंकि वह अपने समुदाय और छात्रों के हक की आवाज उठा रही थी. राहुल ने कहा कि दिल्ली पुलिस छात्रों पर बर्बरता करती है और अपराधियों को खुला छोड़ देती है. उन्होंने निशु को भरोसा दिलाया कि उसकी लड़ाई अकेली नहीं है.

ये भी पढ़ें-नेपाल बाढ़ में अपनों की तलाश हुई आसान, भारत में होगा DNA टेस्ट; परिजनों से लिए जाएंगे सैंपल

इस पूरे घटनाक्रम से साफ है कि विपक्षी दलों और संगठनों के दबाव में दिल्ली पुलिस अब आरोपी स्वतंत्र भारद्वाज पर सख्त कार्रवाई करने की तैयारी में है. SC-ST एक्ट की धाराएं जोड़ने और मेडिकल जांच दोबारा कराने का फैसला इसी दबाव का नतीजा माना जा रहा है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read