Bharat Express DD Free Dish

दिल्ली साकेत में पांच मंजिला इमारत गिरी, 11 लोगों को बचाया गया

Delhi News: दिल्ली के साकेत में पांच मंजिला इमारत गिरने से बड़ा हादसा हुआ. मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका है. अब तक 11 लोगों को बचाया गया है. मौके पर पुलिस, दमकल और मेडिकल टीमें राहत व बचाव कार्य में जुटी हैं.

Delhi News: दिल्ली के साकेत इलाके में शनिवार शाम बड़ा हादसा हो गया. एक पांच मंजिला इमारत अचानक भरभरा कर गिर गई. हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरातफरी फैल गई. मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है.

रेस्क्यू टीम का त्वरित अभियान

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं. राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया. अब तक 11 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है और उन्हें अस्पताल भेजा गया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसा इतनी तेजी से हुआ कि कई लोग बाहर निकल भी नहीं पाए.

विधायक का बयान

बीजेपी विधायक करतार सिंह तंवर ने बताया कि अब तक 11 लोगों को बचाया जा चुका है और सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी सतर्कता से काम कर रहा है और बचाव अभियान जारी है. हालांकि, अभी भी कुछ लोगों के फंसे होने की संभावना है.

निर्माण कार्य पर उठे सवाल

फंसे हुए लोगों के परिजनों ने आरोप लगाया कि इस इमारत का निर्माण बेहद जोखिम भरे माहौल में किया जा रहा था. उन्होंने कहा कि शिकायतें भी की गई थीं लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई. परिजनों ने पुलिस पर सवाल उठाते हुए कहा कि स्थानीय लोगों ने ज्यादा तेजी से बचाव किया.

दो लोगों की मौत का दावा

फॉरेन मेडिकल ग्रेजुएट्स (एफएमजी) के अध्यक्ष डॉ. जसवंत ने दावा किया कि अब तक 9 से 10 लोगों को बाहर निकाला गया है. इनमें से दो मेडिकल छात्रों की मौत हो चुकी है जबकि दो को डिस्चार्ज कर दिया गया है. उन्होंने कहा कि मौके पर क्रेन और अन्य सुविधाओं की कमी है, जिससे बचाव कार्य प्रभावित हो रहा है.

शाम को मिली सूचना

जानकारी के मुताबिक, हादसा शाम करीब 7:45 बजे हुआ. दमकल विभाग को सूचना मिलते ही टीमें मौके पर पहुंचीं. आसपास के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया. अब तक 11 लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया है.

ये भी पढ़ें-बंगाल में अभिषेक पर हमला, पूर्व सीएम ममता बनर्जी का BJP पर पलटवार

पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्राथमिकता फंसे हुए लोगों को सुरक्षित निकालना है. घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा जा रहा है. मौके पर कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद हैं. पुलिस का कहना है कि एक जर्जर इमारत पास की रिहायशी इमारत पर गिर गई, जिससे कई लोग मलबे में दब गए.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read