Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

‘आखिरी गेंद पर रोमांचक जीत…’, इंग्लैंड के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया के हीरो निखिल चौधरी; जानें भारत कनेक्शन?

इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के पहले मुकाबले में ऑलराउंडर निखिल चौधरी के दमदार प्रदर्शन की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने आखिरी गेंद पर 3 विकेट से जीत दर्ज की. अब भारत में इनकी गजब चर्चा हो रही है. जानिए क्या है इनका कनेक्शन?

Nikhil-Chaudhary-Australia-Vs-England-First-T20-Melbourne

ऑलराउंडर निखिल चौधरी के हरफनमौला प्रदर्शन के दम पर ऑस्ट्रेलिया ने शनिवार को इंग्लैंड के विरुद्ध टी20 सीरीज के पहले मुकाबले में 3 विकेट से रोमांचक जीत दर्ज की. मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए इस मुकाबले में निखिल ने गेंदबाजी में 2 विकेट लेने के बाद बल्लेबाजी में 66 रनों की अहम पारी खेली, जिसके लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया. इस जीत के बाद निखिल के भारत कनेक्शन को लेकर चर्चा हो रही है.

आखिरी गेंद पर ऑस्ट्रेलिया की जीत

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड ने 9 विकेट के नुकसान पर 187 रन बनाए. इंग्लैंड की ओर से कप्तान हैरी ब्रूक ने 28 गेंदों में 6 छक्कों और 4 चौकों की मदद से 65 रन बनाए, जबकि टॉम बैंटन ने 39 रन जोड़े. ऑस्ट्रेलिया की तरफ से राइट-आर्म ऑफब्रेक गेंदबाज निखिल चौधरी ने 4 ओवर में 21 रन देकर 2 विकेट चटकाए और जैक एडवर्ड्स ने भी 2 विकेट हासिल किए. लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने 53 रन पर 2 विकेट गंवा दिए थे, जिसके बाद निखिल चौधरी ने मिचेल मार्श (37) के साथ तीसरे विकेट के लिए 42 रन और टिम डेविड (20) के साथ चौथे विकेट के लिए 48 रन की साझेदारी कर टीम को संभाला.

निखिल 38 गेंदों में 2 छक्कों और 6 चौकों के साथ 66 रन बनाकर आउट हुए. 18 ओवर के बाद 7 विकेट पर 168 रन के स्कोर से आगे जैक एडवर्ड्स (नाबाद 25) और बेन ड्वारशुइस (नाबाद 1) ने आठवें विकेट के लिए 11 गेंदों में 23 रन जोड़कर आखिरी गेंद पर सिंगल लेकर टीम को जीत दिलाई. इंग्लैंड के लिए विल जैक्स ने 2 विकेट लिए.

दिल्ली में जन्म, पंजाब से क्रिकेट और 2020 का मोड़

निखिल चौधरी ऑस्ट्रेलिया के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाले तीसरे भारतीय मूल के पुरुष क्रिकेटर हैं. 4 मई 1996 को दिल्ली में जन्मे निखिल ने 2017 से 2019 के बीच पंजाब के लिए 14 सीमित ओवर के मैच खेले, जिनमें 12 सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी और 2 विजय हजारे ट्रॉफी के मुकाबले शामिल रहे. वे शुभमन गिल, अभिषेक शर्मा और हरभजन सिंह के साथ ड्रेसिंग रूम साझा कर चुके हैं.

ये भी पढ़ें: चुनाव से पहले एक्शन में ओवैसी, सहारनपुर में चंद्रशेखर के साथ क्या गुल खिला? जानें वोटबैंक का गणित

वह आईपीएल फ्रेंचाइजी दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा भी रहे हैं. वर्ष 2020 में कोरोना महामारी के दौरान वे अपने चाचा से मिलने क्वींसलैंड गए थे, लेकिन अंतरराष्ट्रीय सीमाएं बंद होने के कारण वापस नहीं लौट सके. इसके बाद उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में ही अपना क्रिकेट करियर आगे बढ़ाया और ग्रेड क्रिकेट, तस्मानिया तथा होबार्ट हरिकेंस के लिए खेलते हुए पहचान बनाई.

विभिन्न लीग्स और अंतरराष्ट्रीय सफर

बिग बैश लीग में होबार्ट हरिकेंस के लिए 3 सीजन में 32 मैचों में निखिल ने 26.65 की औसत से 693 रन बनाए. इसके अलावा वे मेजर लीग क्रिकेट के 10 मैचों में 164 रन, कैरेबियन प्रीमियर लीग के 2 मैच और द हंड्रेड के 7 मैच खेल चुके हैं. उन्होंने 17 जून 2026 को बांग्लादेश के खिलाफ टी20 मुकाबले से अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया था, जिसकी तीन मैचों की सीरीज में उन्होंने 26 रन और 2 विकेट लिए थे. अब पांच मैचों की टी20 सीरीज के पहले मैच में जीत के बाद इंग्लैंड के खिलाफ आगामी मुकाबलों में भी उनसे शानदार प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism