Bharat Express DD Free Dish

दिल्ली में चलती स्लीपर बस में छात्रा से गैंगरेप, फिंगरप्रिंट से खुला राज; DNA रिपोर्ट का इंतजार

Delhi Sleeper Bus Gangrape Case: दिल्ली की चलती स्लीपर बस में 11वीं की छात्रा से कथित गैंगरेप मामले में पुलिस को अहम फॉरेंसिक सबूत मिले हैं. बस से पीड़िता और दोनों आरोपियों के फिंगरप्रिंट मिलने की जानकारी सामने आई है, जबकि अब पुलिस DNA रिपोर्ट का इंतजार कर रही है.

Delhi Sleeper Bus Gangrape Case bharat express

Delhi Sleeper Bus Gangrape Case -bharat express

Delhi Sleeper Bus Gangrape Case: राजधानी दिल्ली में एक चलती स्लीपर बस के भीतर 11वीं कक्षा की छात्रा के साथ हुए खौफनाक गैंगरेप मामले में पुलिस की तफ्तीश जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, चौंकाने वाले और बेहद अहम खुलासे हो रहे हैं. पुलिस को जांच के दौरान ठोस फॉरेंसिक सबूत हाथ लगे हैं, जिससे आरोपियों पर शिकंजा और कस गया है. फॉरेंसिक टीम द्वारा ली गई फिंगरप्रिंट रिपोर्ट में बस के भीतर पीड़िता और दोनों आरोपी (ड्राइवर व कंडक्टर) की मौजूदगी की पुष्टि हो चुकी है.

फॉरेंसिक सबूतों से कसा शिकंजा, जल्द दाखिल होगी चार्जशीट

जांच टीम ने वारदात में इस्तेमाल की गई स्लीपर बस की सीटों, हैंडल, पर्दों और स्टीयरिंग व्हील से तमाम फॉरेंसिक सैंपल जुटाए थे. इसके अलावा गिरफ्तार किए गए बस ड्राइवर कुलदीप और कंडक्टर संदीप के कपड़े भी जब्त कर जांच के लिए भेजे गए हैं. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिंगरप्रिंट के बाद अब केवल DNA जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है. DNA रिपोर्ट मिलते ही फॉरेंसिक सबूतों की यह कड़ी पूरी तरह से मजबूत हो जाएगी, जिसके तुरंत बाद अदालत में मामले की चार्जशीट दाखिल कर दी जाएगी.

घर से नाराज होकर निकली थी पीड़िता, बारिश और अंधेरे के कारण भटकी

मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले की रहने वाली 11वीं की छात्रा अपने परिजनों से किसी बात पर नाराज होकर बिना बताए घर से निकल आई थी. वह नोएडा में रहने वाले अपने चचेरे भाई के पास जा रही थी. हालांकि, 4 अगस्त की रात तेज बारिश और घनघोर अंधेरे के कारण वह रास्ता भटक गई और गलती से ग्रेटर नोएडा के परी चौक पर उतर गई. सुनसान जगह पर असहाय खड़ी छात्रा बस का इंतजार कर रही थी, तभी वहां से एक खाली स्लीपर बस गुजरी.

नोएडा छोड़ने का झांसा देकर बस में बैठाया

छात्रा ने जब बस को रुकने का इशारा किया, तो ड्राइवर और कंडक्टर ने बस रोक ली. पीड़िता ने जब उनसे नोएडा सेक्टर-63 जाने का रास्ता पूछा, तो दोनों आरोपियों ने उसे उसी रूट पर छोड़ने का झांसा दिया और बस में सवार कर लिया. छात्रा को लगा कि वह सुरक्षित अपने गंतव्य तक पहुंच जाएगी, लेकिन उसे इस बात का अंदाजा नहीं था कि वह दरिंदों के चंगुल में फंस चुकी है.

47 किलोमीटर के सफर में दरिंदगी, पर्दे बने ढाल और CCTV थे बंद

बस जैसे ही परी चौक से आगे बढ़ी, आरोपी कंडक्टर ने छात्रा के साथ छेड़छाड़ और अश्लील हरकतें शुरू कर दीं. इसके बाद दोनों आरोपियों (ड्राइवर और कंडक्टर) ने बारी-बारी से चलती बस में उसके साथ हैवानियत की हदें पार कर दीं. विरोध करने पर पीड़िता को जान से मारने की धमकी दी गई. यह पूरी वारदात परी चौक से कश्मीरी गेट के बीच तय किए गए करीब 47 किलोमीटर के लंबे रास्ते के दौरान हुई. बस स्लीपर श्रेणी की थी और उसकी खिड़कियों पर गहरे पर्दे लटके हुए थे, जिसकी वजह से बाहर से किसी भी राहगीर को अंदर चल रहे इस घिनौने अपराध की भनक तक नहीं लग सकी. इतना ही नहीं, सुरक्षा के लिए बस में लगे CCTV कैमरे भी वारदात के वक्त बंद पाए गए.

यह भी पढ़ें: ‘जीवन की रक्षा से बढ़कर तीनों लोकों में कोई दान नहीं…! पीएम मोदी ने बताया लाइफ का गूढ़ रहस्य

तिमारपुर पार्किंग से पकड़े गए आरोपी

दरिंदगी को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी देर रात पीड़िता को दिल्ली के कश्मीरी गेट बस अड्डे के पास रिंग रोड पर बदहवास हालत में छोड़कर बस लेकर फरार हो गए. पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर कश्मीरी गेट पुलिस थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई.
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए हरकत में आई पुलिस ने तुरंत घेराबंदी की और दोनों आरोपियों को तिमारपुर इलाके की एक बस पार्किंग से गिरफ्तार कर लिया. जांच में सामने आया कि बस में कुछ खराबी आने के कारण आरोपी पहले उसे सूरजपुर स्थित वर्कशॉप में रिपेयरिंग के लिए ले गए थे और वहां से खाली बस लेकर तिमारपुर लौट रहे थे, तभी रास्ते में उन्होंने इस वारदात को अंजाम दिया.

भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read