Bharat Express DD Free Dish

दिल्ली में फिर दोहराई ‘निर्भया’ जैसी दरिंदगी, चलती स्लीपर बस में 16 साल की छात्रा से गैंगरेप

Bus Gangrape Case: नोएडा के परी चौक से बस में सवार हुई मैनपुरी की 16 वर्षीय छात्रा के साथ चलती स्लीपर बस में ड्राइवर और कंडक्टर ने गैंगरेप किया. 47 किलोमीटर यानी दिल्ली के कश्मीरी गेट तक दौड़ती बस में पर्दे गिराकर दरिंदगी की गई. पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है.

Delhi Sleeper Bus Gangrape Case bharat express

Delhi Sleeper Bus Gangrape Case -bharat express

Delhi Sleeper Bus Gangrape Case: राजधानी दिल्ली की सड़कों पर जब रात का अंधेरा घना होता है, तो हवा में एक खौफनाक ठंडक उतर आती है. यह वही दिल्ली है, जिसने वर्षों पहले 16 दिसंबर की उस खौफनाक रात को ‘निर्भया’ की चीखों को अपनी रूह में समेटते हुए देखा था. तब देश की सड़कों पर आक्रोश का सैलाब उमड़ा था, मोमबत्तियों की लौ से हर शहर रोशन हुआ था और सबने कसम खाई थी कि अब किसी बेटी को उस दरिंदगी का सामना नहीं करना पड़ेगा. लेकिन वक्त बीता, साल बदले, पर क्या बदला?

अब ठीक उस 16 दिसंबर की घटना के 4,979 दिन बाद 4 अगस्त 2026 की रात 16 साल की मासूम छात्रा के साथ हुए गैंगरेप की खबर सामने आई है. प्राप्त जानकारी के मुताबिक,  उस रात दिल्ली की सड़कों पर 47 किलोमीटर तक बस में पर्दे गिराकर दरिंदगी की गई, जिसके बाद पीड़िता को कश्मीरी गेट फेंक आरोपी फरार हो गए. यह खौफनाक घटना इस बात की गवाही देती है कि दिल्ली की सड़कों पर दरिंदगी का वह खूनी मंजर आज भी खत्म तो बिल्कुल नहीं हुआ है.

अपनों से रुठकर अनजान खौफ की ओर

बताते चलें उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले की रहने वाली 11वीं कक्षा की एक 16 साल की मासूम छात्रा अपने घर के किसी छोटे-मोटे झगड़े से रुठकर रात के अंधेरे में घर से निकल पड़ी थी. उसे अंदाजा भी नहीं था कि बाहर की दुनिया कितनी बेरहम है. वह अपने कजिन से मिलने नोएडा आ रही थी, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था. रास्ते में मूसलाधार बारिश होने लगी, चारों तरफ घना अंधेरा और पानी की बूंदों का शोर था. राह भटक चुकी वह मासूम, डर से कांपती हुई ग्रेटर नोएडा के परी चौक पर उतर गई.

मदद के नाम पर फैला हैवानियत का जाल

तेज बारिश, वीरान सड़क और रात का खौफनाक सन्नाटा. मासूम की आंखें उम्मीद की किसी किरण को तलाश रही थीं. तभी अंधेरे को चीरती हुई एक खाली स्लीपर बस वहां आकर रुकी. बस में सवार ड्राइवर कुलदीप और कंडक्टर संदीप ने उस मासूमियत का फायदा उठाया और दिलासा दिया कि बस नोएडा सेक्टर-63 ही जा रही है. बारिश से भीगती और मदद की गुहार लगाती उस मासूम बेटी ने राहत की सांस ली और बस में चढ़ गई. उसे क्या पता था कि वह बस किसी मंजिल की तरफ नहीं, बल्कि जीते-जी जहन्नुम के रास्ते पर निकल पड़ी है.

बंद पर्दों के पीछे 47 किलोमीटर का जहन्नुम

जैसे ही बस आगे बढ़ी, चलती बस में कंडक्टर संदीप और ड्राइवर कुलदीप की नीयत डोल गई और उन्होंने अश्लील हरकतें करना शुरू कर दिया. जब लड़की ने विरोध किया, तो उसे जान से मारने की धमकी दी गई. लगभग 47 किलोमीटर तक वह स्लीपर बस दिल्ली की सड़कों पर दौड़ती रही, और अंदर वह मासूम घुटती रही, चीखती रही, गिड़गिड़ाती रही. पर बस के पर्दों के पार उसकी चीखें दबकर रह गईं.

सड़कों पर फिर बिखरीं निर्भया की सिसकियां

अत्याचार की हदें पार करने के बाद, उन दरिंदों ने देर रात उस सहमी हुई छात्रा को कश्मीरी गेट बस टर्मिनल के पास रिंग रोड पर फेंक दिया और वहां से फरार हो गए. पीड़िता किसी तरह कश्मीरी गेट पुलिस थाने पहुंची और अपनी दर्दनाक दास्तान सुनाई. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए टिमारपुर की बस पार्किंग से आरोपी कुलदीप और संदीप को गिरफ्तार कर लिया और उस काली करतूतों की गवाह बनी स्लीपर बस को भी जब्त कर लिया.

यह भी पढ़ें: Weather Update: दिल्ली-NCR में फिर सताएगी उमस! 37 डिग्री तक पहुंचेगा पारा, मॉनसून पर लगेगा ब्रेक?

कब थमेगा यह अंतहीन खौफनाक सिलसिला?

निर्भया कांड के बाद कानून सख्त हुए, सुरक्षा के दावे किए गए, मगर यह घटना दिल को झकझोर कर पूछती है-आखिर कब तक? कब तक हमारी बेटियां रात के अंधेरे में मदद मांगते हुए खुद को दरिंदों के हवाले पाती रहेंगी? मैनपुरी की वह 16 साल की छात्रा, जिसकी आंखों में भविष्य के सपने होने चाहिए थे, आज जिंदगी भर का एक ऐसा नासूर लेकर जीने को मजबूर है जो कभी नहीं भरेगा. दिल्ली की सड़कों पर दौड़ती वह 47 किलोमीटर की दूरी सिर्फ एक बस का सफर नहीं थी, बल्कि देश की कानून-व्यवस्था और इंसानी जमीर के थम जाने की एक दर्दनाक दास्तान थी.

भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read