Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

पैसे का इंतजार करती रहीं दिल्ली की महिलाएं, सरकार ने दिया समिति का ‘झुनझुना’ : आतिशी

दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने कहा आज 8 मार्च है—न खाते में पैसे आए, न रजिस्ट्रेशन शुरू हुआ, सिर्फ़ 4 सदस्यीय कमिटी मिली। यानी खोदा पहाड़, निकली चुहिया.

Atishi

दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने शनिवार को भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि दिल्ली की महिलाएं 8 मार्च को महिला दिवस पर अपने बैंक खातों में 2,500 रुपये आने का इंतजार करती रहीं और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व वाली सरकार ने उन्हें “समिति का झुनझुना” पकड़ा दिया.

आतिशी ने यहां एक प्रेसवार्ता में कहा, “भाजपा ने महिलाओं को पैसे देने की बजाय एक चार सदस्यीय समिति का झुनझुना पकड़ा दिया. अब न जाने कब इस योजना का खाका तैयार होगा, कब रजिस्ट्रेशन शुरू होंगे, कब पात्रता तय होगी और कब महिलाओं को 2,500 रुपये मिलेंगे?”


उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “खोदा पहाड़, निकली चूहिया. मोदी जी ने 8 मार्च को महिलाओं के खाते में 2,500 रुपये भेजने की गारंटी दी थी, लेकिन मिला सिर्फ एक समिति का ऐलान.”

एक कमेटी बनाकर टाल दिया

दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले महिलाओं से वादा किया था कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर उनके खातों में 2,500 रुपये भेजे जाएंगे. उन्होंने दिल्ली की महिलाओं को बैंक खाते को फोन से लिंक कराने तक की सलाह दी थी ताकि वे पैसा आने का मैसेज देख सकें. लेकिन 8 मार्च आ गया, महिलाओं ने इंतजार किया, और अंत में भाजपा की सरकार ने उन्हें सिर्फ एक कमेटी बनाकर टाल दिया.

उन्होंने कहा, “आज यह साबित हो गया कि मोदी जी की गारंटी कोई भरोसेमंद वादा नहीं, बल्कि सिर्फ एक चुनावी जुमला था. न तो महिलाओं को कोई स्कीम मिली, न रजिस्ट्रेशन के लिए पोर्टल मिला, न ही कोई पात्रता तय की गई.”

वादों की सच्चाई अब जनता के सामने

आतिशी ने कहा कि यह तो शुरुआत भर है. धीरे-धीरे दिल्ली के लोग समझेंगे कि भाजपा ने चुनाव के दौरान जो वादे किए थे, वे सब झूठे साबित होंगे. उन्होंने कहा कि मोदी जी की गारंटी और उनके वादों की सच्चाई अब जनता के सामने आ चुकी है.

उन्होंने भाजपा सरकार से सवाल किया, “क्या 2,500 रुपये देने और चार मंत्रियों की समिति बनाने में कोई अंतर नहीं है? क्या मोदी जी ने यह वादा किया था कि महिला दिवस पर वे एक समिति बनाएंगे?”

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने दिल्ली की महिलाओं के साथ धोखा किया है और अब जनता को यह समझ में आ गया है कि मोदी जी वादे नहीं, बल्कि सिर्फ जुमले देते हैं.


इसे भी पढ़ें- Women’s Day पर सरकार की ये योजनाएं… जिसने बदल दी महिलाओं की जिंदगी, जानें हर महीने कैसे मिलेंगे 2500 रुपये


-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital