दिल्ली के दो स्कूलों को बम से उड़ाने की मिली धमकी.
दिल्ली के स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. लगातार दूसरे दिन स्कूल (School) और कॉलेज को बम से उड़ाने की धमकी ईमेल के जरिए दी गई. इन धमकियों से छात्रों और उनके अभिभावकों में डर का माहौल है.
School को बम से उड़ाने की मिली धमकी
बुधवार (16 जुलाई) की सुबह दिल्ली के सेंट थॉमस और वसंत वैली स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी ईमेल के जरिए दी गई. स्कूल में बम की धमकी मिलने की सूचना पर दिल्ली पुलिस और बम स्क्वाड ने मौके पर पहुंचकर सघन चेकिंग अभियान चलाया, हालांकि स्कूल परिसरों से कोई भी संदिग्ध चीज नहीं मिली. लगातार मिल रहीं धमकियों के बाद पुलिस और बम स्क्वाड की टीमें अलर्ट पर हैं.
डीयू के साइंटिस्ट डिफेंस कॉलेज को भी धमकी
इन स्कूलों के अलावा डीयू के नॉर्थ कैंपस स्थित साइंटिस्ट डिफेंस कॉलेज को भी सुबह 7 बजकर 15 मिनट पर एक ईमेल भेजकर बम से उड़ाने की धमकी दी गई. ईमेल में बताया गया कि लाईब्रेरी में RDX रखा गया है. कॉलेज प्रशासन ने तत्काल परिसर को खाली कराकर पुलिस को सूचना दी. जानकारी मिलते ही मौके पर फायर ब्रिगेड, बम स्क्वाड और डॉग स्क्वाड की टीमों ने पहुंचकर पूरे कॉलेज परिसर में तलाशी ली.
यह भी पढ़ें- दिल्ली के स्कूलों को मिली बम से उड़ाने की धमकी, बम स्क्वाड और पुलिस की टीमों ने चलाया सर्च अभियान
बता दें कि इससे पहले भी इसी कॉलेज को एक महीने पहले बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी, उस समय कॉलेज में छात्र-छात्राएं मौजूद थीं, लेकिन इस बार छुट्टियां चल रही है, इसलिए सिर्फ कर्मचारी ही कॉलेज में मौजूद थे, जिन्हें तत्काल बाहर निकालकर परिसर को खाली कर दिया गया.
15 जुलाई को भी स्कूलों को मिली थी धमकी
गौरतलब है कि मंगलवार (15 जुलाई) को चाणक्यपुरी स्थित नेवी और द्वारका के सीआरपीएफ स्कूल को परिसर में बम होने की धमकी दी गई थी.पुलिस इन धमकियों को लेकर जांच कर रही है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


