Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

धलाई रोड शो में दिखा भाजपा का जनाधार, सीएम माणिक साहा बोले- जनता को पीएम मोदी पर भरोसा

त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने धलाई जिले में टीटीएएडीसी चुनाव से पहले रोड शो किया, जिसमें भारी संख्या में लोग शामिल हुए और उत्साह का माहौल रहा.

त्रिपुरा जनजातीय क्षेत्र स्वायत्त जिला परिषद (टीटीएएडीसी) के चुनावों से पहले मंगलवार को मुख्यमंत्री माणिक साहा ने धलाई जिले में एक बड़ा रोड शो किया. इस रोड शो में भारी संख्या में लोग शामिल हुए और पूरे इलाके में उत्साह का माहौल देखने को मिला. जगह-जगह लोगों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया. कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक आयोजन भी किए गए, जिनमें प्रदेश की बेटियों ने शानदार नृत्य प्रस्तुत किया.

रोड शो के बाद मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री माणिक साहा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक राष्ट्रीय पार्टी है और देश की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है. उन्होंने कहा कि सिर्फ भारत में ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में इतनी बड़ी संख्या और इतने व्यापक स्तर पर कोई दूसरी राजनीतिक पार्टी नहीं है. मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लोगों का विश्वास लगातार बढ़ रहा है. पहले भी जनता को प्रधानमंत्री पर भरोसा था, लेकिन समय के साथ यह आस्था और मजबूत होती जा रही है.

धलाई में उमड़ा जनता का जोश

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज धलाई में जो उत्साह देखने को मिला, वह उसी विश्वास का नतीजा है. उन्होंने बताया कि वे अम्बासा से आए हैं और इसके बाद एक और भी जगह उनका कार्यक्रम और रैली है. उन्होंने कहा कि जिस तरह का जोश और समर्थन आज लोगों के बीच देखने को मिला, वैसा उत्साह पहले केवल तब देखने को मिलता था जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी या केंद्रीय गृह मंत्री या भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष त्रिपुरा आते थे. लेकिन अब त्रिपुरा के किसी स्थानीय नेता के आने पर भी अगर ऐसा उत्साह दिख रहा है, तो यह साफ संकेत है कि आने वाले समय में जिला परिषद और 2028 के विधानसभा चुनावों में क्या होने वाला है.

मुख्यमंत्री माणिक साहा ने खास तौर पर जनजातीय क्षेत्रों में दिख रहे उत्साह की बात कही. उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज में जो भरोसा और अपनापन उन्होंने देखा, उससे उन्हें बेहद खुशी हुई. उन्होंने कहा कि यह भरोसा इसलिए है क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की सुरक्षा और विकास के लिए लगातार काम कर रहे हैं और केंद्र और राज्य में डबल इंजन की सरकार मिलकर विकास को आगे बढ़ा रही है.

उन्होंने कहा कि आज पूरे नॉर्थ ईस्ट और खासकर त्रिपुरा में शांति और बेहतर कानून व्यवस्था देखने को मिल रही है. पहले जिन इलाकों में तनाव रहता था, वहां अब हालात सामान्य हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि बिना शांति के विकास संभव नहीं है और भाजपा सरकार ने यही साबित किया है.

प्रधानमंत्री आवास योजना से गरीबों का जीवन बना बेहतर

मुख्यमंत्री ने जोर देते हुए कहा कि भाजपा की राजनीति का मूल मंत्र सिर्फ और सिर्फ विकास है. विकास में कोई राजनीति नहीं होती. अगर किसी गांव को सड़क चाहिए, तो सड़क दी जाती है. अगर लोगों को पीने का पानी चाहिए, तो पानी की व्यवस्था की जाती है. जिनके पास गैस कनेक्शन नहीं है, उन्हें उज्ज्वला योजना के तहत गैस दी जाती है. जिन घरों में बिजली नहीं थी, वहां बिजली पहुंचाई गई है. प्रधानमंत्री आवास योजना के जरिए लोगों को पक्के घर मिल रहे हैं. आयुष्मान भारत और मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना के जरिए गरीबों को इलाज की सुविधा मिल रही है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि त्रिपुरा में करीब 75 प्रतिशत आबादी ग्रामीण इलाकों में रहती है. गांवों में महिलाओं की सामाजिक और आर्थिक स्थिति पहले से बेहतर हुई है, इसी वजह से सरकार के प्रति लोगों का विश्वास बढ़ा है. उन्होंने कहा कि भाजपा सिर्फ बातें नहीं करती, बल्कि जमीन पर काम करती है.

मुख्यमंत्री माणिक साहा ने कहा कि देश को आगे बढ़ाने, उसकी एकता को मजबूत करने और उसे शक्तिशाली बनाने के लिए मजबूत नेतृत्व जरूरी है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जैसा मजबूत और दूरदर्शी नेता आज देश के पास है. देश की जीडीपी तेजी से बढ़ रही है और भारत दुनिया की बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो रहा है. उन्होंने कहा कि ‘वोकल फॉर लोकल’ जैसी सोच से देश आत्मनिर्भर बन रहा है और यही वजह है कि जनता भाजपा के साथ मजबूती से खड़ी है.

ये भी पढ़ें- सीएम मोहन माझी के जन्मदिन के अवसर पर पीएम मोदी ने कहा- ‘ओडिशा के विकास को दे रहे दिशा’

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital