रिपोर्ट- तनु चौधरी
नई दिल्ली: हिंदी के इस्तेमाल को बढ़ावा देने और सरकारी कामकाज में राजभाषा को प्रभावी तरीके से लागू करने के लिए दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) को एक बार फिर बड़ी उपलब्धि मिली है. डीएमआरसी को भारत सरकार के प्रतिष्ठित राजभाषा कीर्ति पुरस्कार से लगातार दूसरी बार सम्मानित किया गया है. इस बार भी संस्था ने प्रथम पुरस्कार हासिल किया है.
नवी मुंबई के सिडको एग्जीबिशन सेंटर में आयोजित हिंदी दिवस समारोह और छठे अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन के दौरान डीएमआरसी को यह सम्मान प्रदान किया गया. केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने पुरस्कार प्रदान किया, जिसे दिल्ली मेट्रो के प्रबंध निदेशक डॉ. विकास कुमार ने ग्रहण किया.
हिंदी को कामकाज का आसान और प्रभावी माध्यम बनाने पर जोर
पुरस्कार मिलने के बाद डॉ. विकास कुमार ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि इस तरह के सम्मान हिंदी के इस्तेमाल को और मजबूत करने की प्रेरणा देते हैं. उनका कहना था कि हिंदी को सिर्फ सामान्य प्रशासन तक सीमित रखने के बजाय तकनीकी काम, कर्मचारियों की ट्रेनिंग, डिजिटल प्लेटफॉर्म और यात्रियों को दी जाने वाली जनसेवाओं में भी ज्यादा प्रभावी ढंग से इस्तेमाल किया जा सकता है.
उन्होंने इस पुरस्कार का श्रेय दिल्ली मेट्रो के अधिकारियों और कर्मचारियों को दिया. डॉ. विकास कुमार ने कहा कि यह सम्मान किसी एक व्यक्ति की उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरी संस्था के कर्मचारियों की मेहनत और हिंदी के प्रति उनकी लगातार प्रतिबद्धता का नतीजा है. उन्होंने पुरस्कार को डीएमआरसी के सभी कार्मिकों को समर्पित करते हुए उन्हें बधाई भी दी.
कर्मचारियों की लगातार कोशिशों का नतीजा
दिल्ली मेट्रो में रोजाना बड़ी संख्या में लोग सफर करते हैं. ऐसे में यात्रियों तक जानकारी और सेवाओं को सरल भाषा में पहुंचाना भी संस्था के काम का अहम हिस्सा है. राजभाषा के इस्तेमाल को प्रशासनिक कार्यों से लेकर तकनीकी और डिजिटल क्षेत्रों तक बढ़ाने की कोशिश इसी दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है.
कार्यक्रम में डीएमआरसी के निदेशक वित्त अजीत शर्मा, महाप्रबंधक मानव संसाधन जयश्री शर्मा समेत कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे.
ये भी पढ़ें-पीएम के 25 साल के जनसेवा सफर पर MP में सेवा का महाकुंभ,17 सितंबर से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





