Bharat Express DD Free Dish

प्रो. योगेश सिंह फिर बने दिल्ली यूनिवर्सिटी के कुलपति, राष्ट्रपति ने दी मंज़ूरी

दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. योगेश सिंह को एक बार फिर से पांच साल के लिए इस पद पर नियुक्त किया गया है.

नई दिल्ली: शिक्षा मंत्रालय ने दिल्ली विश्वविद्यालय से जुड़े एक अहम प्रशासनिक फैसले में मौजूदा कुलपति प्रो. योगेश सिंह को दोबारा जिम्मेदारी सौंप दी है. उन्हें एक और पांच साल के कार्यकाल के लिए दिल्ली विश्वविद्यालय का कुलपति नियुक्त किया गया है. यह नया कार्यकाल 8 अक्टूबर 2026 से प्रभावी होगा.

यह आदेश 2 जुलाई 2026 को शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग की ओर से जारी किया गया. आधिकारिक पत्र में साफ किया गया है कि भारत की राष्ट्रपति, जो विश्वविद्यालय की ‘विजिटर’ भी होती हैं, उनकी मंजूरी के बाद यह निर्णय लिया गया है.

राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद बड़ा फैसला

सरकारी आदेश के मुताबिक, राष्ट्रपति की स्वीकृति के बाद प्रो. योगेश सिंह को लगातार दूसरे कार्यकाल के लिए दिल्ली विश्वविद्यालय की कमान सौंपी गई है. उनका यह दूसरा कार्यकाल विश्वविद्यालय के एक्ट, स्टैच्यूट और ऑर्डिनेंस के तहत तय नियमों और शर्तों के अनुसार होगा.

इस फैसले को शिक्षा मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने औपचारिक रूप से दिल्ली विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार को भेजा है. साथ ही इसकी सूचना दिल्ली टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी, विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC), एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटीज समेत कई संबंधित संस्थानों को भी दी गई है.

शिक्षा व्यवस्था में निरंतरता पर जोर

प्रो. योगेश सिंह ने अपने पहले कार्यकाल के दौरान विश्वविद्यालय प्रशासन, शैक्षणिक सुधार और डिजिटल सिस्टम को मजबूत करने पर ध्यान दिया था. अब दूसरे कार्यकाल में भी उनसे यही उम्मीद की जा रही है कि वे उच्च शिक्षा के स्तर को और बेहतर बनाने की दिशा में काम जारी रखेंगे.

दिल्ली विश्वविद्यालय देश के सबसे प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों में से एक माना जाता है और यहां के प्रशासनिक फैसलों पर पूरे देश की नजर रहती है. ऐसे में कुलपति का दोबारा चयन विश्वविद्यालय की नीतियों में निरंतरता और स्थिरता का संकेत माना जा रहा है.

उच्च शिक्षा मंत्रालय ने भी इस नियुक्ति को औपचारिक प्रक्रिया के तहत पूरी तरह नियमों के अनुरूप बताया है.

ये भी पढ़ें: “यह एनकाउंटर नहीं हत्या है…” भरत तिवारी के घर पहुंचे चिराग पासवान, घुटनों के बल बैठकर दी श्रद्धांजलि

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read