स्पेन के पास अटलांटिक महासागर में बड़ा हादसा
Spain Migrant Boat Accident: स्पेन के कैनरी द्वीप समूह के पास अटलांटिक महासागर में प्रवासियों से भरी एक नाव बड़े हादसे का शिकार हो गई. शुक्रवार को बचाव अभियान के दौरान नाव से कम से कम आठ लोगों के शव बरामद किए गए. नाव में करीब 100 लोग सवार थे. इनमें से छह लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है जिन्हें हेलीकॉप्टर से अस्पताल पहुंचाया गया.
अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, स्पेन की समुद्री बचाव सेवा ने नाव पर आठ से दस लोगों की मौत की पुष्टि की है. यह नाव कैनरी द्वीप समूह के एल हिएरो द्वीप से करीब 39 समुद्री मील यानी 72 किलोमीटर दक्षिण में मिली थी. बाद में नाव को खींचकर ला एस्टाका बंदरगाह लाया गया.
इस बीच एक दूसरी नाव से बचाए गए 84 लोगों को एल हिएरो के मुख्य बंदरगाह ला रेस्टिंगा पर उतारा गया. यहां प्रवासियों की मदद के लिए स्वागत केंद्र और अस्थायी फील्ड अस्पताल बनाया गया है.
स्पेन के कैनरी आइलैंड्स के पास प्रवासियों से भरी एक नाव 3 दिन तक समुद्र में फंसी रही। रास्ते में नाव का इंजन खराब हो गया था। इसके बाद नाव समुद्र में बहती रही। इस दौरान उसमें सवार लोगों के पास खाने-पीने का सामान खत्म हो गया।
स्पेनिश मीडिया के मुताबिक, भूख-प्यास और शरीर में पानी की कमी के कारण कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई। नाव में करीब 100 लोग सवार थे। रेस्क्यू टीम ने 6 गंभीर रूप से घायल लोगों को हेलिकॉप्टर से अस्पताल पहुंचाया।
स्पेन की समुद्री बचाव टीम के मुताबिक, नाव शुक्रवार को स्पेन से करीब 72 किलोमीटर दूर मिली थी। बचाव टीम ने नाव को खींचकर तट तक पहुंचाया।
— Shivani Sahu (@askshivanisahu) November 28, 2026
क्यों खतरनाक होता जा रहा है प्रवासियों का सफर?
उत्तर-पश्चिमी अफ्रीका के तट के पास स्थित कैनरी द्वीप समूह स्पेन का हिस्सा है. यह यूरोपीय संघ में दाखिल होने के लिए पश्चिम अफ्रीकी प्रवासियों का एक प्रमुख रास्ता बन चुका है.
रिपोर्ट के मुताबिक सेनेगल, मॉरिटानिया और मोरक्को के तटों पर निगरानी बढ़ने के बाद अब कई प्रवासी गाम्बिया, गिनी-बिसाऊ और गिनी जैसे देशों से समुद्री रास्ते से रवाना हो रहे हैं. इन देशों से कैनरी द्वीप तक का सफर पहले के मुकाबले ज्यादा लंबा और खतरनाक है.
अक्टूबर के बाद से कैनरी द्वीप पहुंचने वाले प्रवासियों की संख्या में तेजी आई है. इस सप्ताह एक ही दिन में रिकॉर्ड 2,100 लोग यहां पहुंचे. इनमें से ज्यादातर लोग एल हिएरो द्वीप पर उतरे, जिसकी आबादी करीब 11,400 है. अचानक इतनी बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने से द्वीप पर राहत और बचाव व्यवस्था पर भी दबाव बढ़ा है.
चुनाव से पहले प्रवासन बना बड़ा मुद्दा
इस हादसे के बाद कैनरी द्वीप समूह के क्षेत्रीय नेता फर्नांडो क्लाविजो ने दुख जताया है. उन्होंने स्पेन सरकार और यूरोपीय आयोग से प्रवासन संकट से निपटने के लिए तत्काल ठोस कदम उठाने की मांग की है.
यह हादसा स्पेन में होने वाले आम चुनाव से ठीक दो दिन पहले सामने आया है. चुनाव में अवैध प्रवासन बड़ा मुद्दा बना हुआ है. प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज प्रवासन से होने वाले आर्थिक लाभों की बात करते रहे हैं. वहीं दक्षिणपंथी दल सीमाओं पर सख्त नियंत्रण और प्रवासन नीति में बदलाव की मांग कर रहे हैं.
अटलांटिक महासागर के रास्ते यूरोप पहुंचने की कोशिश में हर साल बड़ी संख्या में प्रवासी अपनी जान जोखिम में डालते हैं. खराब मौसम, लंबी समुद्री दूरी और छोटी नावों में क्षमता से ज्यादा लोगों के सवार होने के कारण यह रास्ता बेहद खतरनाक माना जाता है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





