Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

Umesh Pal murder Case: पांच महीने बाद भी लेडी डॉन शाइस्ता और माफिया अतीक के गुर्गे गुड्‌डू मुस्लिम का पुलिस को नहीं है कुछ अता-पता

24 फरवरी को बसपा विधायक राजू पाल के अहम गवाह अधिवक्ता उमेश पाल की हत्या हुई थी, जिससे पूरा प्रदेश हिल गया था और खुलेआम हुई इस हत्या के बाद पुलिस-प्रशासन पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तमाम सवाल उठे थे.

शाइस्ता परवीन-गुड्डू मुस्लिम (लाल घेरे में)-फोटो सोशल मीडिया

Umesh Pal murder Case: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में इसी साल 24 फरवरी को बसपा विधायक राजू पाल के अहम गवाह अधिवक्ता उमेश पाल की हत्या हुई थी, जिससे पूरा प्रदेश हिल गया था और खुलेआम हुई इस हत्या के बाद पुलिस-प्रशासन पर भी तमाम सवाल उठने लगे थे तो वहीं पुलिस ने भी सभी आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर लेने के दावे किए थे लेकिन हत्या के पांच महीने बीत जाने के बाद भी माफिया अतीक की बीवी शाइस्ता परवीन और उसका खासमखास गुर्गा गुड्डू मुस्लिम पुलिस के हाथ नहीं लगे हैं. ऐसे में अब सवाल उठने लगा है कि आखिर कहां पर पुलिस बेबस हो रही है कि इस हत्याकांड के मास्टरमाइंड अभी तक फरार हैं?

बता दें कि उमेश पाल की हत्या का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अतीक का बेटा असद गोली चलाते हुए दिखा था. तो वहीं उमेश पाल की पत्नी और मां ने बेटे की हत्या को लेकर अतीक अहमद के पूरे परिवार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था. घटना की गूंज सदन तक पहुंची थी और इस पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष के सवालों का जवाब देते हुए माफिया और अपराधियों को मिट्टी में मिला देने की बात कही थी. इसके बाद पुलिस ने ताबड़तोड़ अभियान चलाया और हत्याकांड में शामिल अतीक अहमद का बेटा असद और उसके साथ एक अन्य आरोपी गुलाम मोहम्मद एनकाउंटर में मारा गया था.

ये भी पढ़े- Atiq Ahmed: जल्द ही खुलेगा अतीक-अशरफ हत्याकांड का राज, शूटरों का होगा लाई डिटेक्टर और नार्को टेस्ट, दाखिल की जाएगी चार्जशीट

तो वहीं अतीक और उसके भाई अशरफ को बदमाशों ने ही गोली मारकर ढेर कर दिया था. दोनों को पुलिस कस्टडी में रात 15 अप्रैल की रात को प्रयागराज के एक अस्पताल में मेडिकल जांच के लिए ले जाया जा रहा था. तभी पत्रकारों के साथ शामिल हुए बदमाशों ने मौका पाते ही अतीक और उसके भाई पर गोली बरसा दी थी, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई थी. उस वक्त ये कहा जा रहा था कि बेटे असद और फिर अतीक के अंतिम संस्कार में शाइस्ता जरूर पहुंचेगी, और उसको पकड़ने के लिए तगड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी, लेकिन वह नहीं पहुंची और पुलिस हाथ मलती रह गई.

तीन देश, 8 राज्य, 16 जिले…लेकिन पुलिस के हाथ खाली

शाइस्ता के साथ ही अशरफ की बीवी जैनब और अतीक की बहन की भी पुलिस को तलाश है. उमेश पाल हत्याकांड के बाद से ही पुलिस शाइस्ता परवीन और गुड्डू मुस्लिम को तलाश रही है और दोनों पर इनाम राशि भी बढ़ाई गई. इसी के साथ तीन देश, 8 राज्य और 16 जिलों में पुलिस ने ताबड़तोड़ छापेमारी की लेकिन दोनों का कहीं भी सुराग पुलिस को नहीं मिला. हालांकि हाल ही में पुलिस ने गुड्डू मुस्लिम और शाइस्ता दोनों के ही घरों पर कुर्की का नोटिस चस्पा कर दिया है. इसी के साथ ही डुगडुगी पीटकर दोनों को भगोड़ा घोषित कर दिया गया है और आखिरी चेतावनी दी गई है कि दोनों अगर एक महीने में सरेंडर नहीं करते तो दोनों की सारी संपत्ति कुर्क कर ली जाएगी. बता दें कि गुड्डू मुस्लिम पर 5 लाख और शाइस्ता पर 50 हजार का इनाम है. हालांकि हाल ही में शाइस्ता पर इनाम की राशि बढ़ाने की भी संभावना जताई जा रही थी.

अतीक के गैंग को कर रहे हैं संचालित

अब खबर सामने आ रही है कि, उमेश पाल हत्याकांड का मास्टरमाइंड शाइस्ता और गुड्डू मुस्लिम दोनों एक साथ ही अंडरग्राउंड हैं और अतीक के गैंग का संचालन कर रहे हैं. दोनों गैंग के कुछ लोगों से लगातार संपर्क में भी हैं. इन सबके बावजूद भी पुलिस दोनों तक नहीं पहुंच पा रही है और दोनों लगातार उत्तर प्रदेश के लिए चुनौती बने हुए हैं. इस पूरे मामले में पुलिस और एसटीएफ की काफी किरकिरी भी हो रही है. फिलहाल देखना ये है कि यूपी पुलिस कब तक शाइस्ता तक पहुंचती है, क्योंकि वह ऐसी पहेली है, जिसके पास अतीक के काले साम्राज्य का पूरा राज दफन है. माना जा रहा है कि वह अगर पुलिस के हाथ लगती है तो अतीक के तमाम राज खुल सकते हैं.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital