Bharat Express DD Free Dish

रेलवे की नई उपलब्धि: सूरत से 200 किमी दूर वंदे भारत से पहुंचा दिल, बची मरीज की जान

भारतीय रेलवे ने पहली बार वंदे भारत एक्सप्रेस से सूरत से अहमदाबाद तक ‘लाइव हार्ट’ का सफल ट्रांसपोर्ट किया. ग्रीन कॉरिडोर की मदद से अंग को समय पर यू.एन. मेहता अस्पताल पहुंचाया गया.

First Time In India Live Heart Transported Via Vande Bharat Express From Surat To Ahmedabad

भारतीय रेलवे ने चिकित्सा और परिवहन के क्षेत्र में एक नया इतिहास रच दिया है. देश में पहली बार ट्रेन के जरिए किसी ‘लाइव हार्ट’ का सफल ट्रांसपोर्टेशन किया गया. सूरत से अहमदाबाद के बीच यह ऐतिहासिक कदम मुंबई सेंट्रल-गांधीनगर कैपिटल ‘वंदे भारत एक्सप्रेस’ के जरिए उठाया गया, जिसके माध्यम से दिल को यू.एन. मेहता इंस्टीट्यूट ऑफ कार्डियोलॉजी एंड रिसर्च सेंटर समय रहते पहुंचाया गया.

वंदे भारत ने तय समय पर पहुंचाया दिल

ट्रेन नंबर 20901 वंदे भारत एक्सप्रेस से भेजे गए इस दिल को तय समय सीमा के भीतर अहमदाबाद स्टेशन लाया गया. इसके बाद अहमदाबाद रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 से लेकर यू.एन. मेहता अस्पताल तक आरपीएफ (RPF) और गुजरात पुलिस के समन्वय से एक विशेष ‘ग्रीन कॉरिडोर’ तैयार किया गया.

इस समर्पित रूट की मदद से मरीज तक बिना किसी ट्रैफिक या देरी के अंग को पहुंचाया गया, जिससे ट्रांसप्लांट की प्रक्रिया तुरंत शुरू हो सकी.

‘मानवता और सेवा का सर्वोच्च कर्तव्य’: DRM

अहमदाबाद के मंडल रेल प्रबंधक (DRM) वेद प्रकाश ने इसे भारतीय रेलवे के लिए अत्यंत गर्व का क्षण बताया. उन्होंने कहा, ‘ऐसे जीवन रक्षक अभियानों में एक-एक सेकंड की कीमत होती है. वंदे भारत एक्सप्रेस की रफ्तार, समयबद्धता और विश्वसनीयता के चलते ही यह बेहद संवेदनशील मिशन सफल हो सका. रेलवे, आरपीएफ, गुजरात पुलिस और मेडिकल टीम के बेहतरीन तालमेल ने एक इंसान की जान बचाने में सबसे अहम भूमिका निभाई है.’

मेडिकल लॉजिस्टिक्स में रेलवे का नया अध्याय

यह देश का पहला मामला है जब किसी ट्रेन के जरिए ट्रांसप्लांट के लिए लाइव हार्ट ले जाया गया हो. रेलवे प्रशासन के मुताबिक, इस कदम से न केवल रेल नेटवर्क की रफ्तार और क्षमता साबित हुई है, बल्कि भविष्य में आपातकालीन मेडिकल लॉजिस्टिक्स में रेलवे की भूमिका के नए रास्ते भी खुल गए हैं.

ये भी पढ़ें: बंगाल में बड़ी साजिश नाकाम: शुभेंदु अधिकारी की रेकी करने वाला संदिग्ध धराया, जैश से कनेक्शन का शक

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read