Bharat Express DD Free Dish

Chandrayaan 3: चंद्रयान 3 की सफल लैंडिंग पर सीएम योगी की प्रतिक्रिया, बोले- जय हिंद

इसरो के इस सफल कदम ने भारत को पूरी दुनिया में सबसे ऊंचे पायदान पर लाकर खड़ा कर दिया है.

Chandrayaan-3 CM Yogi

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

Rakesh Kumar Edited by Rakesh Kumar

Chandrayaan 3 Soft Landing on Moon: चंद्रयान 3 की सफल लैंडिंग को लेकर जहां पूरा देश उत्साहित है और खुशियां मना रहा है तो वहीं उत्तर प्रदेश (UP) के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है. उन्होंने ट्विटर( एक्स) पर अपनी बात शेयर करते हुए कहा है कि 140 करोड़ भारतीयों के सपनों के साथ चंद्रमा पर उतरा चंद्रयान 3. जय हिंद!” उन्होंने कहा, “यह सफलता मानवता और नए आत्मनिर्भर भारत की सामर्थ्य को समर्पित है.”

बता दें कि बुधवार को भारत के चंद्रयान-3 के लैंडर विक्रम ने शाम 6.04 बजे चंद्रमा की सतह पर सफलतापूर्वक सॉफ्ट लैंडिंग की. बच्चों ने जहां स्कूल पहुंचकर इस एतिहासिक पल को अपनी आंखों में कैद किया तो वहीं बड़े भी इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बने. इस दौरान जमकर पटाखे भी फोड़े गए. भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के अध्यक्ष एस. सोमनाथ ने इस सॉफ्ट लैंडिंग की पुष्टि की थी. इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय वैज्ञानिकों का हौसला बढ़ाया था और उनके सामर्थ्य पर खुशी जताते हुए इसे भारत के लिए ऐतिहासिक और समृद्ध कदम बताया था.

ये भी पढ़ें– चंद्रयान 3 की सफलता पर इंद्रेश कुमार ने दी वैज्ञानिकों, PM और राष्ट्र को बधाई, बोले- POJK वापस लेने की प्रतिबद्धता भी दोहराई

सीएम योगी ने क्या कहा?

सीएम योगी आदित्यनाथ ने चंद्रयान-3 की सफलता को लेकर कई ट्विटर पर कई पोस्ट किए हैं. उन्होंने कहा, “अंतरिक्ष अनुसंधान में महाशक्ति बनने की ओर अग्रसर ‘नए आत्मनिर्भर भारत’ के सामर्थ्य और हौसले की नई उड़ान ‘चंद्रयान-3′ की स्वर्णिम सफलता पर हमें गर्व है.” आदरणीय प्रधानमंत्री जी के विजनरी नेतृत्व में अर्जित इस उपलब्धि हेतु इसरो की टीम का हार्दिक अभिनंदन! सभी को बधाई! जय हिंद!” वहीं एक दूसरे पोस्ट में उन्होंने कहा, “वसुधैव कुटुम्बकम्’ के पवित्र भाव के साथ आज की इस सफलता के लिए इसरो के सभी वैज्ञानिकों और पूरे प्रदेश व देश वासियों को हृदय से ढेर सारी बधाई एवं शुभकामनाएं! जय हिंद!”

चांद के साउथ पोल पर पहुंचने वाला पहला देश बना भारत

मालूम हो कि इसरो के इस सफल कदम ने भारत को पूरी दुनिया में सबसे ऊंचे पायदान पर लाकर खड़ा कर दिया है. इसरो ने अंतरिक्ष क्षेत्र में एक नया इतिहास रचते हुए चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर लैंडर ‘विक्रम’ और रोवर ‘प्रज्ञान’ से लैस एलएम की साफ्ट लैंडिग कराने में सफलता हासिल की है. इसी के साथ दुनिया में ऐसा करने वाला भारत पहला देश बन गया है और चांद की सतह पर साफ्ट लैंडिंग करने वाले चार देशों में शामिल हो गया है.

-भारत एक्पप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read