गणतंत्र दिवस परेड 2025 ऐतिहासिक बनने जा रही है क्योंकि इसमें पहली बार इंडोनेशिया की एक सैन्य टुकड़ी और बैंड अग्रिम पंक्ति में मार्च करेंगे. विदेश मंत्रालय (MEA) के सचिव (पूर्व) जयदीप मजूमदार ने इस ऐतिहासिक पहल पर प्रकाश डालते हुए कहा, “कल इंडोनेशिया के राष्ट्रपति गणतंत्र दिवस परेड के मुख्य अतिथि होंगे. इस परेड की सबसे उल्लेखनीय विशेषता यह होगी कि इंडोनेशिया की एक मार्चिंग टुकड़ी और एक सैन्य बैंड हमारी परेड की अगुवाई करेंगे.”
उन्होंने आगे कहा, “यह पहली बार है जब इंडोनेशिया की कोई टुकड़ी भारत के गणतंत्र दिवस परेड में भाग ले रही है. इतना ही नहीं, यह इंडोनेशिया के लिए भी पहली बार है कि उनकी सैन्य टुकड़ी और बैंड ने किसी अन्य देश की परेड में भाग लिया है.”
इंडोनेशिया के राष्ट्रपति का विशेष योगदान
जयदीप मजूमदार ने इस पहल को और भी खास बताते हुए कहा, “इंडोनेशिया के राष्ट्रपति पेशे से एक सैनिक हैं और उन्होंने जकार्ता में सेना की टुकड़ी के अभ्यास में व्यक्तिगत रुचि ली है. यह दिखाता है कि इस ऐतिहासिक भागीदारी के लिए इंडोनेशिया का कितना गहरा जुड़ाव है.”
भारत और इंडोनेशिया के रिश्तों में नया अध्याय
यह आयोजन भारत और इंडोनेशिया के ऐतिहासिक और रणनीतिक संबंधों को नई ऊंचाई पर ले जाएगा. दोनों देशों के बीच साझा सांस्कृतिक और ऐतिहासिक संबंधों को और मजबूती प्रदान करने के लिए यह पहल महत्वपूर्ण मानी जा रही है.
गणतंत्र दिवस परेड में इंडोनेशिया की टुकड़ी का शामिल होना न केवल भारत के लिए एक सम्मान की बात है, बल्कि यह विश्व मंच पर दोनों देशों की बढ़ती साझेदारी का भी प्रतीक है.
ये भी पढ़ें: Republic Day 2025: गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का संबोधन, शाम 7 बजे दूरदर्शन पर LIVE
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

