Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

SRH की मालकिन काव्या मारन की शादी में कर्मचारियों की लगी लॉटरी! न्योते के साथ मिला सोने का तोहफा

Kavya Maran Wedding: काव्या मारन और अनिरुद्ध रविचंदर की शादी के बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल है, जिसमें सन ग्रुप के कर्मचारियों को रिसेप्शन इनविटेशन बॉक्स के साथ गोल्ड रिंग मिलने का दावा किया जा रहा है. 25 नवंबर को सन ग्रुप के कर्मचारियों के लिए खास लंच रिसेप्शन आयोजित होगा. हालांकि, गोल्ड रिंग गिफ्ट करने के दावे की कंपनी ने आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.

 Kavya Maran Wedding

 Kavya Maran Wedding

 Kavya Maran Wedding: आईपीएल फ्रेंचाइजी सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) की मालकिन काव्या मारन और मशहूर म्यूजिक कंपोजर अनिरुद्ध रविचंदर की शादी इन दिनों खूब सुर्खियां बटोर रही है. ग्रीस में 11 नवंबर को शादी के बंधन में बंधने के बाद अब यह कपल चेन्नई में अपने ग्रैंड रिसेप्शन की तैयारी कर रहा है. इस बीच काव्या मारन का अपने कर्मचारियों को खास अंदाज में न्योता भेजने का तरीका चर्चा का विषय बन गया है. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में दावा किया जा रहा है कि काव्या ने शादी की खुशी में सन ग्रुप के कर्मचारियों को गोल्ड रिंग गिफ्ट की है.

इनविटेशन बॉक्स में मिला चॉकलेट और सोने की अंगूठी का सरप्राइज

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में काव्या मारन और अनिरुद्ध रविचंदर के लंच रिसेप्शन का इनविटेशन बॉक्स दिखाया गया है. बताया जा रहा है कि यह खास बॉक्स सन ग्रुप के कर्मचारियों को भेजा गया है. इसकी पैकेजिंग बेहद शानदार है. बॉक्स खोलने पर उसमें चॉकलेट का एक डिब्बा, कपल के रिसेप्शन का इनविटेशन कार्ड और सोने की एक अंगूठी नजर आती है. इस अनोखे इनविटेशन को देखकर कर्मचारी काफी हैरान और खुश नजर आ रहे हैं. सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि काव्या ने शादी के खास मौके पर अपने स्टाफ को यह खास तोहफा दिया है. इंटरनेट पर लोग उनके इस अंदाज की जमकर तारीफ कर रहे हैं. हालांकि, गोल्ड रिंग दिए जाने के वायरल दावे की सन ग्रुप की ओर से अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.

25 नवंबर को कर्मचारियों के लिए होगा खास लंच रिसेप्शन

जानकारी के मुताबिक, काव्या मारन और अनिरुद्ध रविचंदर ने 25 नवंबर को सन ग्रुप के कर्मचारियों के लिए एक अलग लंच पार्टी रखी है. यह कार्यक्रम दोपहर 1 बजे आयोजित किया जाएगा. इस खास आयोजन में कंपनी के कर्मचारी नए कपल से मुलाकात कर उन्हें शादी की बधाई दे सकेंगे. कर्मचारियों के लिए अलग से रिसेप्शन आयोजित करने के फैसले को भी सोशल मीडिया पर काफी पसंद किया जा रहा है. माना जा रहा है कि इस आयोजन के जरिए काव्या और अनिरुद्ध अपनी खुशियों में कंपनी के कर्मचारियों को भी शामिल करना चाहते हैं.

ग्रीस में हुई थी ग्रैंड वेडिंग, कई दिग्गज हुए थे शामिल

बता दें कि अरबपति कारोबारी और सन ग्रुप के चेयरमैन कलानिधि मारन की बेटी काव्या मारन ने 11 नवंबर को मशहूर म्यूजिक कंपोजर अनिरुद्ध रविचंदर के साथ ग्रीस में शादी की थी. इस शादी में फिल्म, राजनीति और बिजनेस जगत की कई बड़ी हस्तियों ने शिरकत की थी. सुपरस्टार रजनीकांत और तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के परिवार की मौजूदगी ने शादी समारोह को और खास बना दिया था. शादी की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुई थीं.

चेन्नई रिसेप्शन में जुटेंगी फिल्म और क्रिकेट जगत की हस्तियां

शादी के बाद अब 21 नवंबर को चेन्नई में कपल का ग्रैंड रिसेप्शन आयोजित किया जा रहा है. इस समारोह में बॉलीवुड, साउथ सिनेमा, क्रिकेट, राजनीति और बिजनेस जगत की कई बड़ी हस्तियों के शामिल होने की उम्मीद है. बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान के भी इस समारोह में पहुंचने की चर्चा है. कुल मिलाकर, काव्या और अनिरुद्ध की शादी से लेकर रिसेप्शन तक हर कार्यक्रम चर्चा में बना हुआ है. वहीं, कर्मचारियों को गोल्ड रिंग देने का वायरल दावा इस शादी की चर्चाओं में एक नया दिलचस्प पहलू जोड़ रहा है.

भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism