Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

G20 Summit : गंगा आरती में शामिल हुए विदेशी मेहमान, विदेश मंत्री एस. जयशंकर भी रहे मौजूद

काशी में जी-20 सदस्यों के विकासमंत्रियों की हो रही बैठक में हिस्सा लेने आए विदेशी प्रतिनिधि रविवार शाम को गंगा आरती में शामिल हुए.

गंगा आरती में शामिल हुए विदेशी मेहमान

काशी में जी-20 सदस्यों के विकासमंत्रियों की हो रही बैठक में हिस्सा लेने आए विदेशी प्रतिनिधि रविवार शाम को गंगा आरती में शामिल हुए. काशी आये विदेशी मेहमान दशाश्वमेध घाट पर आयोजित गंगा आरती में शामिल हुए और शंखनाद, घंटी, डमरू की आवाज और मां गंगा के जयकारों के बीच हुई गंगा आरती को देखा. विदेशी मेहमानों के लिए विशेष आरती का आयोजन किया गया और नौ अर्चकों ने मां गंगा की आरती उतारी.

दशाश्वमेध घाट को फूल मालाओं एवं दीपों से सजाया गया

इस अवसर पर दशाश्वमेध घाट को फूल मालाओं एवं दीपों से सजाया गया था. गंगा आरती की शुरुआत देवाधिदेव महादेव की प्रतिमा पर पुष्प वर्षा कर गणपति पूजन से हुई. जी-20 देशों के विकास मंत्रियों सहित 200 विदेशी मेहमान प्रतिनिधियों का नेतृत्व भारत के विदेश मंत्री डॉ एस. जयशंकर कर रहे थे. इसके पूर्व जी 20 की बैठक में शामिल होने विदेशी मेहमानों का दल रविवार को वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री हवाई अड्डे पहुंचा. वहां मेहमानों को टीका लगाकर व पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया गया.

मेहमानों का किया गया भव्य स्वागत

जी 20 सम्मेलन में शामिल होने आए विदेशी मेहमानों के दल के स्वागत के लिए हवाई अड्डे से होटल ताज तक प्रमुख चौराहों पर डमरू दलों और विभिन्न सांस्कृतिक दलों द्वारा कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया. विदेशी मेहमानों का दल होटल ताज में विश्राम करने के बाद देर शाम नमो घाट पहुंचा. जहां से यह दल क्रूज पर सवार होकर गंगा आरती में शामिल होने दशाश्वमेध घाट पहुंचा.

यह भी पढ़ें- चर्चा लोकतंत्र की, चिंता भारत विरोध की

गौरतलब है कि जी-20 देशों के तीन दिवसीय सम्मेलन की शुरुआत रविवार की देर शाम रात्रि भोज के साथ हुई. सोमवार को हस्तकला संकुल में विकास मंत्रियों की बैठक शुरू होगी जिसकी अध्यक्षता विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर करेंगे. बैठक की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विशेष वीडियो संबोधन से होगा. लखनऊ में रविवार की देर शाम जारी एक बयान में कहा गया कि योगी आदित्यनाथ सरकार की ओर से विदेशी आगंतुकों के सत्कार के लिए काशी में महाआरती का आयोजन किया गया.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital