Bharat Express DD Free Dish
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital

Kala Jathedi Weds Madam Minz: आज विवाह बंधन में बंधेंगे गैंगस्टर काला और लेडी डॉन, चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात, ऐसे शुरू हुई थी दोनों की प्रेम कहानी

आज 12 मार्च को तिहाड़ जेल में बन्द गैंगस्टर काला जठेड़ी और उसकी प्रेमिका लेडी डॉन अनुराधा यानी मैडम मिंज की शादी है.

फोटो-सोशल मीडिया

Kala Jathedi Weds Madam Minz: इन दिनों एक शादी ऐसी है, जिसकी चर्चा देश में खूब हो रही है और सोशल मीडिया पर इस सम्बंध में वायरल खबरों को लेकर लोग निगाहें गड़ाए हुए हैं. इस शादी को हर कोई देखना चाह रहा है. दरअसल आज यानी 12 मार्च को तिहाड़ जेल में बन्द गैंगस्टर काला जठेड़ी और उसकी प्रेमिका लेडी डॉन अनुराधा यानी मैडम मिंज की शादी है. आज दोनों विवाह बंधन में बंधने जा रहे हैं. इसको लेकर शादी स्थल यानी दिल्ली के एक बैंक्वेट हाल को छावनी में तब्दील कर दिया गया है. चप्पे-चप्पे पर दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ,स्पेशल स्टाफ, क्राइम ब्रांच समेत पुलिस टीम मौजूद है.

बता दें कि, पुलिस सुरक्षा के बीच गैंगस्टर संदीप उर्फ काला जठेरी की शादी आज सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे के बीच दिल्ली के मटियाला, द्वारका में होगी. अपनी शादी के लिए वह कस्टडी पैरोल पर है. मीडिया सूत्रों के मुताबिक, 12 मार्च को होने वाली इस शादी में इंतजाम भले ही बहुत खास न हों लेकिन सुरक्षा इंतजाम बहुत ही मजबूत किए गए हैं. क्योंकि दोनों गैंगस्टर के कई विरोधी भी हैं जो इस शादी में खलल डाल सकते हैं यानी बदले की भावना से कोई भी कांड कर कर सकते हैं. ऐसे में इस शादी को लेकर पुलिस पूरी तरह से सतर्क है. तो वहीं मेहमानों को पुलिस की तरफ से ही एंट्री मिलेगी. सूत्रों के मुताबिक मेहमानों को एंट्री के लिए बारकोड दिया जाएगा.

2 मेटल डिटेक्टर लगाए गए हैं दरवाजे पर

काला जठेड़ी और लेडी डॉन की शादी पर पुलिस बराबर निगरानी कर रही है तो वहीं लेडी डॉन का ताजा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें वह लाल जोड़े में नजर आ रही है और उसके हाथ में मेहंदी लगी हुई है. तो वहीं सैकड़ों पुलिसकर्मियों का जमावड़ा दिल्ली के द्वारका स्थित संतोष बैंक्वेट हॉल के अंदर और बाहर लगा हुआ है. दरवाजे पर 2 मेटल डिटेक्टर लगाए गए हैं. जहां से सभी को चेकिंग के लिए गुजरना होगा. मालूम हो कि इस शादी में दोनों की तरफ से केवल परिवार के लोग ही शामिल होंगे. खबरों के मुताबिक इस शादी की वजह से दिल्ली के साथ ही हरियाणा, राजस्थान और पंजाब पुलिस के साथ ही सेंट्रल एजेंसियों को भी एक पैर पर खड़ा रहने के लिए मजबूर कर दिया है. भला हो भी क्यों न, दूल्हे के ऊपर संगीन गुनाहों के चालीस से अधिक मामले दर्ज हैं और दुल्हन पर भी 19 संगीन मामले दर्ज हैं.

दो दिन पहले ही जठेड़ी गैंग के पांच शार्प शूटर्स किए गए गिरफ्तार

पुलिस को शक है कि कहीं ऐसा न हो कि शादी के दौरान विरोधी गुट दोनों पर हमला बोल दें. इसी को लेकर करीब 150 से अधिक पुलिसकर्मी अत्याधुनिक हथियारोंके साथ लैस होकर तैनात किए गए हैं. इस शादी को चार राज्यों की पुलिस के साथ ही सेंट्रल एजेंसियां लगातार नजर बनाए हुए हैं. शादी को लेकर पूरी जिम्मेदारी दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल को सौंपी गई है. बता दें कि पुलिस इस शादी को लेकर इसलिए भी चौकन्ना है, क्योंकि, दो दिन पहले यानी 10 मार्च को दिल्ली पुलिस ने जठेड़ी गैंग के पांच शार्प शूटर्स को गिरफ्तार किया है. शादी में किसी तरह की चूक न हो, इसलिए कार्यक्रम में शामिल काम करने वाले कर्मचारियों को भी सुरक्षा की दृष्टि से आई कार्ड दिया गया है.

तीन साल पहले हुई थी लव स्टोरी की शुरुआत

काला जठेड़ी और अनुराधा चौधरी की लव स्टोरी के बारे में खबर सामने आई है कि, करीब तीन साल पहले दोनों की लव स्टोरी तब शुरू हुई थी, जब दोनों अलग-अलग जुर्म के मामले में वॉन्टेड थे और फरार चल रहे थे. इसी दौरान दोनों को एक दूसरे से प्यार हुआ था और दोनों ने चुपके से हरिद्वार में शादी भी कर ली थी, लेकिन कहा जा रहा है कि, घरवालों के अरमानों को देखते हुए एक बार फिर से दोनों सार्वजनिक रूप से शादी करने जा रहे हैं. फिलहाल इस शादि को क़ानून की नजर में भी एक रिश्ते का नाम देने के लिए किया जा रहा है.

करना चाहते हैं नई शुरुआत

फिलहाल शादी को लेकर अनुराधा चौधरी का बयान सामने आया है और उसने कहा है कि, उसका होने वाला पति काला जठेड़ी और वह अब जुर्म की दुनिया को अलविदा कह कर नई पारी शुरू करना चाह रहे हैं. बता दें कि अनुराधा चौधरी पढ़ी लिखी है और फर्राटेदार इंग्लिश भी बोलती है लेकिन अब उसने संदीप के इश्क में पड़कर कानून यानी एलएलबी की पढ़ाई भी शुरू कर दी है. कहा जा रहा है कि वह अधिवक्ता बनना चाहती है और आगे चल कर काला जठेड़ी के मामलो को खुद ही हैंडल करना चाहती है. यानी कि अब वह एक पत्नी के तौर पर जठेड़ी को सपोर्ट करना चाहती है. हालांकि एक ऐसा डॉन जिस पर 40 से ज्यादा मामले दर्ज हों और उसे शादी के लिए मुश्किल से 6 घंटे की पेरोल मिली हो भला ऐसी शादी का भविष्य क्या हो सकता है. ये एक बड़ा सवाल है. फिलहाल दोनों की शादी सीसीटीवी कैमरे और तमाम पुलिस बल की निगरानी में हो रही है.

ये भी पढ़ें-प्राकृतिक सुंदरता से भरपूर काजीरंगा नेशनल पार्क, PM मोदी की विजिट ने दिलाया इंटरनेशनल इको-टूरिज्‍म साइट का दर्जा

 

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital