गुरुग्राम में बाइक सवार युवती को टक्कर मारने वाली कार की तलाश तेज
Gurugram Road Accident: गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइक राइडर को टक्कर मारने के मामले में पुलिस की जांच अब कार के चालक तक पहुंचने पर केंद्रित हो गई है. घटना के बाद सामने आए वीडियो और सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रही सफेद कार के आधार पर पुलिस चालक की पहचान के प्रयास कर रही है.
कार के मालिक मनीष ने दावा किया है कि हादसे के समय वह शहर में मौजूद नहीं था और उसकी कार उसके एक दोस्त के पास थी. मनीष के मुताबिक, उसका स्कूल का दोस्त कल्याण सिंह दो दिन के लिए कार लेकर गया था. बाद में उसे सोशल मीडिया के जरिए पता चला कि उसकी कार से गोल्फ कोर्स रोड पर एक बाइक सवार युवती को टक्कर लगी है. वीडियो सामने आने के बाद उसने कल्याण से संपर्क किया तो उसने बताया कि कार आगे किसी अन्य व्यक्ति को दे दी गई थी.
This isn’t hit and run… it’s hit and kill 🖐️
Car No: HR 30Y 4949
In Gurugram, first a female bike rider was harassed by 4 louts sitting in a Verna car, they made vulgar vulgar gestures When the girl stopped them from doing so and told them to leave, the beasts rammed her… pic.twitter.com/W1141MIGSJ— Ravi Pandey🇮🇳 (@ravipandey2643) September 14, 2026
मनीष का कहना है कि वह उस व्यक्ति को अच्छी तरह नहीं जानता. उसका दावा है कि कल्याण को भी यह जानकारी नहीं है कि वह व्यक्ति इस समय कहां है. मनीष के अनुसार फिलहाल कार और उससे जुड़े व्यक्ति से उसका कोई संपर्क नहीं है. उसने यह भी कहा कि पुलिस की ओर से अब तक उससे पूछताछ या संपर्क नहीं किया गया है.
वीडियो से शुरू हुई चालक की तलाश
हादसे के बाद घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया था. पुलिस ने मामले का स्वत: संज्ञान लेते हुए फुटेज की जांच शुरू की है. जांच में कार का नंबर HR30Y4949 सामने आया है. इसके बाद पुलिस कार के चालक तक पहुंचने के लिए वायरल वीडियो के साथ-साथ आसपास के सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाल रही है. पुलिस की जांच का अहम पहलू यह भी है कि घटना के वक्त वाहन कौन चला रहा था और कार मालिक से वाहन उस व्यक्ति तक कैसे पहुंची. फिलहाल इन सवालों के जवाब जांच के बाद ही स्पष्ट होंगे.
वीकेंड राइड पर निकली थीं सिया
बताया गया है कि घटना सुबह के समय हुई, जब बाइक राइडर सिया अपने दोस्तों के साथ वीकेंड राइड पर निकली थीं. सिया के अनुसार, गोल्फ कोर्स रोड पर एक सफेद कार उनकी बाइक के पीछे आ गई. उनका आरोप है कि कार सवार युवक लगातार बाइक के आसपास गाड़ी चला रहे थे और खिड़की से बाहर निकलकर शोर कर रहे थे. सिया का कहना है कि उन्होंने कार सवारों को दूरी बनाए रखने के लिए कहा, लेकिन इसके बाद स्थिति और तनावपूर्ण हो गई. उनके मुताबिक, कार सवारों ने बाइक रोकने का इशारा भी किया. सिया ने आरोप लगाया कि युवकों का व्यवहार सामान्य नहीं था और वे नशे में प्रतीत हो रहे थे. सिया के अनुसार, असहज स्थिति को देखते हुए उन्होंने बाइक की गति बढ़ा दी. इसी दौरान कार उनकी बाइक के सामने आई और अचानक दिशा बदलने के कारण दोनों वाहनों में टक्कर हो गई.
मालिक के दावे की भी होगी जांच
मामले में फिलहाल पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि हादसे के समय कार कौन चला रहा था. कार मालिक की ओर से वाहन किसी दोस्त और फिर किसी तीसरे व्यक्ति के पास जाने की बात कही गई है. इस दावे की पुष्टि भी पुलिस की जांच का हिस्सा होगी.
ये भी पढ़ें- 12 साल का साथ, फिर सूनापन… टफ्फू की मौत पर परिवार ने 3 दिन नहीं बनाया खाना, इंसानों जैसी की तेरहवीं
पुलिस वायरल वीडियो, सीसीटीवी फुटेज और वाहन से जुड़ी जानकारी के आधार पर चालक की पहचान करने में जुटी है. चालक के सामने आने के बाद ही हादसे की पूरी तस्वीर और घटना से पहले कार सवारों के व्यवहार को लेकर लगाए जा रहे आरोपों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





