Government preparing to increase railway fare
अगर आप ट्रेन से लंबी दूरी का सफर करते हैं, तो आपके लिए एक जरूरी खबर है. आने वाले समय में रेल यात्रियों की जेब पर भार पड़ सकता है क्योंकि रेलवे जल्द ही किराया बढ़ा सकता है. यह नया नियम 1 जुलाई 2025 से लागू हो जाएगा.
भारतीय रेलवे ने यात्री ट्रेनों का किराया बढ़ाने का फैसला किया है. यह बढ़ोत्तरी 1 जुलाई 2025 से लागू होगी. सूत्रों के मुताबिक नॉन-एसी मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों में अब प्रति किलोमीटर 1 पैसा अतिरिक्त देना होगा, जबकि एसी क्लास के टिकटों पर 2 पैसे प्रति किलोमीटर की बढ़ोतरी की गई है. रेलवे ने इस महीने की शुरुआत में एक और बड़ा बदलाव किया था, जिसमें तत्काल टिकट बुकिंग के लिए अब आधार वेरिफिकेशन जरूरी होगा.
500 किलोमीटर से ज्यादा सफर वालों पर असर
अगर आप रोज़ाना पास के शहरों में यात्रा करते हैं या आपकी यात्रा 500 किलोमीटर से कम की है, तो आपके लिए कोई बदलाव नहीं होगा. 500 किलोमीटर से ज्यादा सफर करने वाले यात्रियों को ही ज्यादा किराया देना पड़ सकता है.
ये भी पढ़ें- नौचन्दी मेले में महिला पुलिसकर्मियों पर भद्दी कमेंट का वीडियो वायरल, हिन्दू संगठन ने की कार्रवाई की मांग
कितना बढ़ेगा किराया?
- मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों के नॉन-एसी कोच में किराया 1 पैसा/किलोमीटर बढ़ सकता है.
- एसी कोच में सफर महंगा हो सकता है, यहां 2 पैसे/किलोमीटर तक का इज़ाफा हो सकता है.
छोटे सफर वालों को राहत
रेलवे ने ये साफ किया है कि जो लोग 500 किलोमीटर से कम यात्रा करते हैं, उन्हें बढ़ा हुआ किराया नहीं देना पड़ेगा. सिर्फ लंबी दूरी की मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों पर ये नियम लागू होंगे.
मंत्रालय की मंजूरी बाकी
रेलवे बोर्ड ने यह प्रस्ताव तैयार करके रेल मंत्रालय को भेज दिया है. हालांकि अभी तक इस पर आखिरी मुहर नहीं लगी है. मंजूरी मिलते ही ये नया किराया लागू कर दिया जाएगा.
सभी बदलाव 1 जुलाई से लागू होंगे. इस तारीख के बाद अगर कोई ट्रेन का टिकट बुक करता है तो उसे नई दरों के हिसाब से किराया चुकाना होगा. रेलवे ने आखिरी बार साल 2020 में यात्री किराया बढ़ाया था.
– भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
