Bharat Express DD Free Dish

6 राज्यों में राज्यपालों का बड़ा फेरबदल, केरल पहुंचे ओम प्रकाश माथुर; तमिलनाडु समेत कई राज्यों को मिले नए गवर्नर

Governor Appointments India: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने छह राज्यों में नए राज्यपालों की नियुक्ति की है. ओम प्रकाश माथुर को केरल, राजेंद्र आर्लेकर को तमिलनाडु, जबकि दुष्यंत गौतम को सिक्किम का राज्यपाल बनाया गया है.

Appointment of new governors in 6 states

6 राज्यों में नए राज्यपालों की नियुक्ति

Governor Appointments India: देश के छह राज्यों में राज्यपालों की नई नियुक्तियों का ऐलान किया गया है. सोमवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की ओर से जारी अधिसूचना में कई राज्यों के राजभवन में बदलाव का फैसला किया गया. राष्ट्रपति भवन ने स्पष्ट किया है कि ये नियुक्तियां संबंधित राज्यपालों द्वारा कार्यभार संभालने की तारीख से प्रभावी मानी जाएंगी.

ओम प्रकाश माथुर को मिली केरल की जिम्मेदारी

बीजेपी के वरिष्ठ नेता और राजस्थान से पूर्व राज्यसभा सांसद ओम प्रकाश माथुर को केरल का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है. वह अब तक सिक्किम के राज्यपाल के रूप में सेवाएं दे रहे थे. जुलाई 2024 में उन्हें सिक्किम की जिम्मेदारी सौंपी गई थी, जबकि अब उन्हें केरल के राजभवन भेजा गया है. राजनीतिक और संगठनात्मक अनुभव को देखते हुए इस नियुक्ति को अहम माना जा रहा है.

राजेंद्र आर्लेकर संभालेंगे तमिलनाडु का राजभवन

अब तक केरल के राज्यपाल रहे राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को तमिलनाडु का नया राज्यपाल बनाया गया है. आर्लेकर इससे पहले गोवा विधानसभा के अध्यक्ष रह चुके हैं. इसके अलावा वह बिहार और हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं. जनवरी 2025 से वे केरल के राज्यपाल के रूप में कार्यरत थे. आर.एन. रवि के मार्च में पश्चिम बंगाल स्थानांतरण के बाद वह तमिलनाडु का अतिरिक्त प्रभार भी संभाल रहे थे. अब उन्हें वहां पूर्णकालिक राज्यपाल नियुक्त कर दिया गया है.

ओडिशा और कर्नाटक में भी नए चेहरे

राज्यपालों की नई सूची में ब्रज मोहन राम का नाम भी शामिल है. झारखंड के आदिवासी नेता और पूर्व सांसद ब्रज मोहन राम को ओडिशा का राज्यपाल बनाया गया है. वहीं डॉ. सुधा यादव को कर्नाटक का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है. महेंद्रगढ़ से पूर्व बीजेपी सांसद रह चुकीं सुधा यादव राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की सदस्य भी रह चुकी हैं. वह कर्नाटक की दूसरी महिला राज्यपाल होंगी और थावरचंद गहलोत का स्थान लेंगी, जिनका कार्यकाल समाप्त होने जा रहा है.

उत्तराखंड और सिक्किम में हुई नई नियुक्तियां

मध्य प्रदेश के वरिष्ठ बीजेपी नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड का राज्यपाल बनाया गया है. वह लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) की जगह कार्यभार संभालेंगे. दूसरी ओर बीजेपी के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व राज्यसभा सांसद दुष्यंत गौतम को सिक्किम का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है. वे ओम प्रकाश माथुर की जगह यह जिम्मेदारी संभालेंगे.

ये भी पढ़ें-वोट चोरी का आरोप, सड़क से सुप्रीम कोर्ट तक बवाल; प्रदर्शन में कब-क्या हुआ? जानिए पूरी टाइमलाइन

राजनीतिक समीकरणों से जोड़कर देखी जा रहीं नियुक्तियां

राजनीतिक जानकार इन नियुक्तियों को केवल प्रशासनिक बदलाव नहीं मान रहे हैं. माना जा रहा है कि आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए संगठनात्मक मजबूती, क्षेत्रीय संतुलन और सामाजिक समीकरणों को ध्यान में रखकर ये फैसले किए गए हैं. खासतौर पर केरल और तमिलनाडु जैसे राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण दक्षिणी राज्यों में अनुभवी नेताओं को राज्यपाल बनाना इस रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read