मनोज/ग्वालियर
Gwalior Police Clash: मध्य प्रदेश के ग्वालियर से एक बड़ी खबर सामने आई है. जहा अहिल्याबाई जयंती पर बघेल समाज की रैली के दौरान स्टंटबाजी रोकने पर विवाद हुआ. उपद्रवियों ने पुलिस पर पथराव कर गाड़ी तोड़ दी, जिसमें 3 लोग घायल हो गए. पुलिस आरोपियों की पहचान कर मामला दर्ज कर रही है.
दरअसल, ग्वालियर जिले के मुरार थाना क्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आई है. यहां रामलीला मैदान में लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर जयंती के मौके पर बघेल समाज द्वारा निकाली जा रही रैली के दौरान अचानक माहौल बिगड़ गया. स्टंटबाजी को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते पुलिस और उपद्रवियों के बीच हिंसक झड़प में बदल गया.
पुलिस और अनुयायियों के बीच तीखी बहस
ग्वालियर के मुरार थाना क्षेत्र स्थित रामलीला मैदान में लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर जयंती के पावन अवसर पर बघेल समाज द्वारा एक भव्य रैली निकाली जा रही थी. इस दौरान रैली में शामिल कुछ युवाओं द्वारा की जा रही खतरनाक स्टंटबाजी को देखकर वहां तैनात पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया.
पुलिस की इस टोक-टाक पर बघेल समाज के युवा भड़क गए और देखते ही देखते पुलिस और अहिल्याबाई होलकर के अनुयायियों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई. यह विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई.
तीन लोग गंभीर रूप से घायल
गुस्साए उपद्रवियों ने पुलिस बल पर पथराव शुरू कर दिया. अचानक हुए इस पथराव में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहाँ उनका उपचार जारी है. उपद्रवियों का गुस्सा यहीं नहीं थमा, उन्होंने मौके पर खड़ी पुलिस की गाड़ी में भी जमकर तोड़फोड़ की और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया.
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है. मामले पर मुरार के CSP अतुल सोनी (सीएसपी वाइट) ने बताया कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज और वीडियो की जांच कर उपद्रवियों की पहचान करने में जुटी है, जल्द ही मामला दर्ज कर आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: कांवरिया पथ पर आस्था का अनोखा रंग: पूरे शरीर पर लोहे की जंजीरें लपेटकर देवघर चला शिवभक्त
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
