Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

चालान काटे और सवा तीन करोड़ रुपए डकार गए दो ट्रैफिक पुलिसवाले, ऐसे लगा रहे थे विभाग को ही चूना

Haryana: चालान की सरकारी रकम के साथ फ्रॉड के इस मामले में एसपी लोकेंद्र सिंह ने बताया कि किसी आरोपी को छोड़ा नहीं जाएगा.

challan

प्रतीकात्मक तस्वीर

Haryana Police: हरियाणा के पलवल में हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां दो ट्रैफिक पुलिसकर्मी ही वाहन चालकों से वसूले गए चालान के 3 करोड़ रुपए डकार गए. इस रकम को वाहन चालकों से वसूलने के बाद सरकारी खजाने में जमा नहीं कराया गया. यही नहीं, इसमें ऐसे भी मामले सामने आ रहे हैं जब वाहन चालकों से चालान की रकम वसूलने के बाद फर्जी दस्तावेजों के जरिए चालान को निरस्त कर वह रकम डकार ली गई. इस मामले में पलवल के दो पुलिसकर्मियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है और एक हेड कॉन्स्टेबल को गिरफ्तार किया गया है.

माना जा रहा है कि फर्जी दस्तावेजों के जरिए चालान निरस्त कर वसूली गई रकम डकार लेने का मामला सामने आने के बाद फ्रॉड की रकम और भी अधिक हो सकती है. फिलहाल, गिरफ्तार किए गए हेड कॉन्स्टेबल को पांच दिन की रिमांड पर भेज दिया गया है. ऐसी आशंका जताई जा रही है कि पूरे मामले में 8 से 10 पुलिसवालों की मिलीभगत हो सकती है.

इस मामले की भनक लगने के बाद करीब दो महीने तक जांच की गई, जिसके बाद एफआईआर दर्ज की गई है. दरअसल ई-चालान के जरिए आई रकम और बैंक में जमा की गई राशि में फर्क के बाद जांच के आदेश दिए गए थे. डीएसपी ट्रैफिक संदीप मोर की शिकायत पर कैंप थाना पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज किया है और हेड कॉन्स्टेबल जनक को गिरफ्तार किया है.

ये भी पढ़ें: कभी अमेरिका दौरे पर आतंकवाद को लेकर चर्चा होती थी, अब निवेश, तकनीकी और सुरक्षा के समझौते होते हैं: जेपी नड्डा

3 करोड़ से अधिक का फ्रॉड आया सामने

चालान की सरकारी रकम के साथ फ्रॉड के इस मामले में एसपी लोकेंद्र सिंह ने बताया कि किसी आरोपी को छोड़ा नहीं जाएगा. वहीं डीएसपी ने जानकारी दी कि एसपी ने 25 अप्रैल को चालान ब्रांच की व्यापक जांच के आदेश दिए थे. जांच के दौरान चालान ब्रांच के रिकॉर्ड का मिलान किया गया तो 3 करोड़ 20 लाख 19 हजार 650 रुपये का घोटाला सामने आया.

इस रकम को चालान ब्रांच में दर्शाया गया, लेकिन सरकारी खजाने में जमा नहीं करवाया गया. जांच के दौरान पता चला है कि हवलदार जनक की तैनाती के दौरान 3 करोड़ 22 लाख 97 हजार 150 रु सरकारी खाते में जमा नहीं कराए गए और ईएचसी ओमबीर की तैनाती के दौरान 12 हजार 700 रुपये सरकारी खाते में जमा नहीं कराए गए. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में जो भी शामिल होगा, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. वहीं ये भी अंदेशा है कि ये रकम और भी ज्यादा हो सकती है. फिलहाल विभाग इस मामले की तह तक जाने की कोशिश कर रहा है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital