Today Weather 22nd May: देश के एक बड़े हिस्से में इस समय कुदरत का सबसे खौफनाक रूप देखने को मिल रहा है. आसमान से मानो पानी नहीं, बल्कि खौलता हुआ लावा बरस रहा हो. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) समेत देश के कई बड़े राज्यों के लिए एक बेहद डरावनी चेतावनी जारी की है.
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले छह दिनों तक एनसीआर के लोगों को इस जानलेवा गर्मी और ‘किलर हीटवेव’ से रत्ती भर भी राहत मिलने की उम्मीद नहीं है. सूरज के तीखे तेवरों को देखते हुए लगातार ऑरेंज और रेड अलर्ट जारी किया जा रहा है, जिसने आम जनजीवन को पूरी तरह तहस-नहस कर दिया है.
दिल्ली-एनसीआर में 46 डिग्री का टॉर्चर(Delhi NCR Weather Update)
मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, 26 मई तक दिल्ली-एनसीआर में पारा 44 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच ही तांडव मचाएगा. आज यानी शुक्रवार 22 मई को अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस के डरावने स्तर तक पहुंचने का अनुमान है, जबकि रात का न्यूनतम तापमान भी 28 डिग्री के आसपास रहेगा, जिससे रातें भी बेहद गर्म और बेचैन करने वाली होंगी. दोपहर और शाम के समय चलने वाली तेज सतही हवाएं और धूल भरी आंधी लोगों के जिस्म को झुलसाने के लिए तैयार हैं.
एमपी का खजुराहो बना ‘नरक’ जैसी भट्टी!
इस भीषण गर्मी का सबसे डरावना चेहरा मध्य प्रदेश में देखने को मिल रहा है, जहां पूरा सूबा इस समय भीषण लू (हीटवेव) की चपेट में आकर उबल रहा है. मौसम विभाग ने सूबे के भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर और सागर समेत कुल 37 जिलों में भीषण लू का महा-अलर्ट जारी किया है. हालात इस कदर बदतर हो चुके हैं कि खजुराहो में पारा रिकॉर्ड 47.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है, जिसने पिछले कई सालों के रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं.
यूपी के 11 जिलों में रेड अलर्ट(Aaj Ka Mausam 22nd May)
उत्तर प्रदेश में भी हाहाकार मचा हुआ है. मुख्य मौसम वैज्ञानिक डॉ. मनीष रानालकर के मुताबिक, राज्य के 11 जिलों में तापमान बेहद खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है, जिसके चलते सरकार को तत्काल इमरजेंसी एडवाइजरी जारी करनी पड़ी है. उधर, पंजाब और हरियाणा में भी गर्मी रिकॉर्ड तोड़ रही है.
हरियाणा के रोहतक में जहां पारा 46.9 डिग्री दर्ज किया गया, वहीं पंजाब के फरीदकोट में तापमान 47 डिग्री सेल्सियस को छू गया है, जिसके चलते अगले 48 घंटों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी है.
ये भी पढ़ें: ‘NEET पेपर लीक नहीं हुआ’, NTA चीफ का बड़ा बयान, CBI तय करेगी सच्चाई
राजस्थान में सड़कों पर पसरा सन्नाटा(IMD Heatwave Alert)
मरुधरा राजस्थान के आधे से अधिक हिस्सों में अगले चार दिनों तक भीषण और जानलेवा लू चलने की चेतावनी के साथ ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है. श्रीगंगानगर 46.5 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ राज्य का सबसे गर्म इलाका बना हुआ है, जहां दोपहर होते ही कर्फ्यू जैसा सन्नाटा पसर जाता है.
चौंकाने वाली बात तो यह है कि मैदानी इलाकों की इस तपिश से अब पहाड़ों की रानी ‘शिमला’ भी अछूती नहीं है. ग्लोबल वार्मिंग और पेड़ों की अंधाधुंध कटाई के कारण शिमला पहुंचे टूरिस्ट और स्थानीय निवासी भी इस बार उमस और गर्मी से त्राहि-त्राहि कर रहे हैं.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


