Bharat Express DD Free Dish

जाते-जाते भी रुलाएगा मानसून! अगले 5 घंटों में 14 राज्यों में भारी बारिश और आंधी का ‘रेड अलर्ट’

Weather Today: IMD ने 21 सितंबर को कई राज्यों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है. छत्तीसगढ़, विदर्भ, तमिलनाडु समेत कई इलाकों में मौसम बदलने की संभावना है. यूपी में अगले दिनों बारिश बढ़ सकती है.

Weather

आज का मौसम

Weather Update: सितंबर का आखिरी दौर शुरू होते ही मौसम ने एक बार फिर करवट लेनी शुरू कर दी है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 21 सितंबर को उत्तर प्रदेश, बिहार समेत कई राज्यों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है. कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. वहीं, पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश के कारण भूस्खलन का खतरा बना हुआ है.

मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी और उससे सटे उत्तरी अंडमान सागर के ऊपर बना निम्न दबाव क्षेत्र आगे और मजबूत हो सकता है. इसका असर आने वाले दिनों में कई राज्यों में देखने को मिलेगा. खासकर आंध्र प्रदेश, ओडिशा, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और विदर्भ में 22 से 25 सितंबर के बीच भारी से बहुत भारी बारिश के आसार हैं.

यूपी-बिहार समेत पूर्वी भारत में बारिश

बिहार में 21 से 26 सितंबर के बीच कई इलाकों में अच्छी बारिश होने की संभावना है. झारखंड, ओडिशा, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी इस दौरान बारिश का दौर जारी रह सकता है. ओडिशा में 21 और 22 सितंबर को आंधी के साथ बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का अनुमान है.

झारखंड में आज तेज हवाएं चल सकती हैं. वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश में 25 और 26 सितंबर को गरज-चमक के साथ व्यापक बारिश की संभावना जताई गई है.

पहाड़ी राज्यों में भी मौसम बिगड़ेगा

हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में आज हल्की बारिश हो सकती है. उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग, चमोली और नैनीताल में भी बारिश के आसार हैं. जम्मू-कश्मीर के रामबन, राजौरी, रियासी और कठुआ में हल्की बारिश की संभावना है. पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वालों को मौसम की स्थिति पर नजर रखने की सलाह दी गई है.

मध्य और दक्षिण भारत में बारिश का दौर

छत्तीसगढ़, विदर्भ और मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक गरज-चमक के साथ बारिश जारी रह सकती है. दक्षिणी छत्तीसगढ़ में 24 सितंबर को बहुत भारी, जबकि कुछ जगहों पर अत्यधिक भारी बारिश की आशंका है.

दक्षिण भारत में रायलसीमा और तमिलनाडु, पुडुचेरी व कराईकल में 21 से 26 सितंबर तक भारी बारिश हो सकती है. केरल और माहे में 22-23 तथा 26 सितंबर को भारी बारिश के आसार हैं. तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में 25-26 सितंबर को तेज बारिश हो सकती है.


ये भी पढ़ें: CAG रिपोर्ट के बाद एक्शन में रेल मंत्रालय! स्टेशनों पर लगेंगे 20 हजार नए फिल्ट्रेशन सिस्टम, मिलेगा शुद्ध पानी


दिल्ली में आज बारिश की खास संभावना नहीं है, जबकि राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और आंधी देखने को मिल सकती है. पूर्वोत्तर में भी अगले कुछ दिनों तक बारिश और गरज-चमक का सिलसिला जारी रहने की संभावना है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read