नई दिल्ली में मंगलवार को SIR यानी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर सियासी हलचल तेज रही. INDIA ब्लॉक के 140 से ज्यादा सांसदों ने संसद भवन से निर्वाचन सदन की ओर विरोध मार्च शुरू किया. विपक्षी सांसद इस दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते नजर आए. मार्च के दौरान ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ जैसे नारे भी लगाए गए.
इस विरोध प्रदर्शन में समाजवादी पार्टी की सांसद जया बच्चन भी शामिल हुईं. जब उनसे पूछा गया कि वह आखिर कितनी दूर तक इस मार्च में चलेंगी, तो उन्होंने अपने अंदाज में जवाब दिया ‘जब तक पैर साथ देंगे, तब तक चलूंगी’. जया बच्चन ने इसे लोकतंत्र से जुड़ी लड़ाई बताया.
जया बच्चन ने कहा कि बीजेपी की ओर से आरोपों को गलत बताना उनका काम है, जबकि विपक्ष अपनी भूमिका निभा रहा है. उन्होंने इस दौरान भगवान गणेश का भी जिक्र किया. जया बच्चन ने कहा कि वे अपनी प्रार्थना की शुरुआत गणेश जी की पूजा से करते हैं और उनका विश्वास है कि गणेश जी उनकी रक्षा करेंगे.
राहुल गांधी और प्रियंका गांधी धरने पर बैठे
मार्च के दौरान स्थिति उस वक्त और चर्चा में आ गई, जब पुलिस की बैरिकेडिंग के बाद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव समेत विपक्षी नेता धरने पर बैठ गए. रिपोर्टों के मुताबिक, प्रदर्शनकारी निर्वाचन सदन से करीब 200 मीटर की दूरी पर रुके और वहीं से विरोध जताया.
प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने संसद से लेकर निर्वाचन सदन और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी. बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई और रास्ते में बैरिकेडिंग भी की गई.
ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी
विरोध मार्च में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर विपक्षी सांसदों की नाराजगी साफ दिखाई दी. सांसदों ने उनके खिलाफ नारे लगाए और SIR की प्रक्रिया पर सवाल उठाए. विपक्ष की प्रमुख मांगों में मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे के अलावा मतदाता सूची में पारदर्शिता और वोटरों के नाम हटाए जाने की प्रक्रिया को लेकर जवाब मांगना शामिल है.
हालांकि, इस मार्च में विपक्षी एकजुटता पूरी तरह नजर नहीं आई. आम आदमी पार्टी ने इस प्रदर्शन से दूरी बनाए रखी. रिपोर्ट के अनुसार, AAP ने कहा है कि वह SIR के मुद्दे पर अपनी लड़ाई अलग तरीके से लड़ रही है. DMK भी इस मार्च में शामिल नहीं हुई.
ये भी पढ़ें: ‘चुनाव आयोग निष्पक्ष नहीं रहा…’ EC दफ्तर घेरने निकले INDIA ब्लॉक के सांसद, दिल्ली में भारी सुरक्षा बल तैनात
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



