Bharat Express DD Free Dish

वेनेजुएला को भारत का सहारा; भूकंप पीड़ितों के लिए देवदूत बनकर पहुंची भारतीय सेना, जानें क्या है ‘ऑपरेशन अमिस्ताद’

उत्तरी वेनेजुएला में आए भीषण भूकंप के बाद भारत ने मदद का हाथ बढ़ाते हुए ‘ऑपरेशन अमिस्ताद’ शुरू किया है. इसके तहत वायुसेना के दो सी-17 विमानों से 35 टन से ज्यादा राहत सामग्री और दवाइयां भेजी गई हैं.

Operation Amistad India Sends Military Doctors And BHISHM Cube To Earthquake Hit Venezuela

Operation Amistad: उत्तरी वेनेजुएला में आए भूकंप के बाद वहां मची तबाही के बीच भारत ने एक बार फिर अपनी दोस्ती और इंसानियत का फर्ज निभाया है. भारत सरकार ने संकट की इस घड़ी में वेनेजुएला की मदद के लिए ‘ऑपरेशन अमिस्ताद’ शुरू किया है. इस खास मिशन के तहत आपदा प्रभावित लोगों को तत्काल मेडिकल और मानवीय सहायता पहुंचाई जा रही है. भारतीय सेना और वायुसेना ने मिलकर मोर्चा संभाल लिया है और राहत सामग्री के साथ डॉक्टरों की स्पेशल टीम को रवाना कर दिया गया है.

सेना के 41 जांबाज और अत्याधुनिक ‘भीष्म क्यूब’ पहुंचे

इस मिशन के लिए भारतीय सेना के ’60 पैरा फील्ड हॉस्पिटल’ से 41 सदस्यों की एक विशेष मेडिकल टुकड़ी वेनेजुएला भेजी गई है, जिसमें 9 अनुभवी मिलिट्री डॉक्टर शामिल हैं. यह टीम वहां मलबे से निकाले जा रहे गंभीर रूप से घायल लोगों का इलाज, इमरजेंसी सर्जरी और ट्रॉमा मैनेजमेंट संभालेगी.

यह मेडिकल टीम अपने साथ करीब 6 टन चिकित्सा सामग्री लेकर गई है. इसमें भारत की स्वदेशी और अत्याधुनिक ‘आरोग्य मैत्री परियोजना’ के तहत तैयार किए गए दो ‘भीष्म क्यूब’ (BHISHM Cube) भी शामिल हैं.

बता दें कि ‘भीष्म क्यूब’ एक ऐसा चलता-फिरता मॉड्यूलर अस्पताल है, जिसे बेहद कम समय में कहीं भी तैनात किया जा सकता है. यह आपदा क्षेत्र में एक साथ 200 मरीजों को जीवनरक्षक इलाज देने में सक्षम है.

वायुसेना के दो C-17 विमानों से भेजी 35 टन राहत सामग्री

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इस ऑपरेशन की जानकारी देते हुए लिखा कि भारत इस मुश्किल वक्त में वेनेजुएला की सरकार और वहां की जनता के साथ मजबूती से खड़ा है.

उन्होंने बताया कि भारतीय वायुसेना के दो विशालकाय C-17 ग्लोबमास्टर विमानों के जरिए कुल 35 टन से ज्यादा राहत सामग्री, जरूरी दवाइयां और मेडिकल उपकरण वेनेजुएला भेजे गए हैं.

ये भी पढ़ें: 40 हजार लापता, चारों तरफ मलबे का ढेर…, वेनेजुएला में विनाशकारी भूकंप के बीच 82 वर्षीय महिला का रेस्क्यू

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read