Bharat Express DD Free Dish

भारत-पाकिस्तान तनाव के बीच 117 प्रमुख हस्तियों की अपील, दोनों प्रधानमंत्रियों को लिखा संयुक्त पत्र

India Pakistan Relations: भारत और पाकिस्तान की 117 प्रमुख हस्तियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को संयुक्त पत्र लिखकर दोनों देशों के बीच वार्ता, राजनयिक संबंध और वीजा सेवाएं बहाल करने की अपील की है.

India Pakistan Relations

India Pakistan Relations: भारत और पाकिस्तान के बीच लंबे समय से जारी तनाव के बीच दोनों देशों की 117 जानी-मानी हस्तियों ने रिश्तों को बेहतर बनाने की पहल की है. इन लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ (Shehbaz Sharif) को संयुक्त पत्र लिखकर बातचीत शुरू करने और दोनों देशों के संबंध सामान्य बनाने की अपील की है.

किन लोगों ने लिखी चिट्ठी

इस संयुक्त पत्र पर भारत के 61 और पाकिस्तान के 56 लोगों के हस्ताक्षर हैं. यह पहल सेंटर फॉर पीस एंड प्रोग्रेस के अध्यक्ष ओपी शाह ने की है.भारत की ओर से इस पत्र पर पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला, महबूबा मुफ्ती, मीरवाइज उमर फारूक, कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर, राज्यसभा सांसद मनोज झा, रॉ के पूर्व प्रमुख एएस दुलत के अलावा कई शिक्षाविदों, पत्रकारों, वकीलों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने हस्ताक्षर किए हैं.

वहीं पाकिस्तान की ओर से पूर्व विदेश मंत्री खुर्शीद महमूद कसूरी, पूर्व राजनयिक अशरफ जहांगीर काजी, वैज्ञानिक परवेज हूदभॉय और कई सामाजिक कार्यकर्ताओं ने इस अपील का समर्थन किया है.

पत्र में की गई यह मांग

पत्र में कहा गया है कि भारत और पाकिस्तान मिलकर दुनिया की लगभग 20 प्रतिशत आबादी का प्रतिनिधित्व करते हैं. दोनों देशों में बड़ी संख्या में युवा हैं, लेकिन लगातार बढ़ता तनाव रोजगार, विकास और बेहतर भविष्य के अवसरों को प्रभावित कर रहा है.

हस्ताक्षर करने वालों ने दोनों सरकारों से नई दिल्ली और इस्लामाबाद में फिर से उच्चायुक्त नियुक्त करने, राजनयिक संबंध पूरी तरह बहाल करने और आम लोगों के लिए वीजा सेवाएं दोबारा शुरू करने की अपील की है. इसके अलावा, सीमा पार धार्मिक और सांस्कृतिक यात्राओं को आसान बनाने तथा कश्मीरी पंडितों के पवित्र शारदा पीठ को श्रद्धालुओं के लिए खोलने की भी मांग की गई है.


ये भी पढ़ें: पाकिस्तान की निकली हेकड़ी, सम्मेलन कर दुनिया से लगाई गुहार; सिंधु जल संधि पर मांगा समर्थन


पत्र में दोनों देशों के मीडिया पर लगी पाबंदियां हटाने और पत्रकारों को बिना रुकावट रिपोर्टिंग करने की अनुमति देने की भी बात कही गई है. आखिर में स्पष्ट किया गया है कि यह अपील किसी राजनीतिक दल या सरकार के समर्थन में नहीं, बल्कि करीब दो अरब लोगों के हित, क्षेत्र में शांति और स्थिरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से की गई है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read