भारत के कृषि क्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आई है. देश ने खाद्यान्न उत्पादन के मामले में एक नया रिकॉर्ड कायम किया है. केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 2025-26 के प्रमुख कृषि उत्पादों के अंतिम आंकड़े और 2026-27 खरीफ सीजन के पहले अग्रिम अनुमान जारी किए हैं. इन आंकड़ों के मुताबिक, भारत ने 2025-26 में कुल 3,785.38 लाख टन खाद्यान्न का उत्पादन किया है. यह अब तक का सबसे अधिक उत्पादन है.
दिल्ली में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कृषि मंत्री ने बताया कि किसानों की मेहनत, कृषि क्षेत्र में नई तकनीकों और सरकारी योजनाओं के चलते भारत ने खाद्यान्न उत्पादन में लगातार प्रगति की है. आज भारत चावल, दलहन, जूट, मोटे अनाज और मसालों के उत्पादन में दुनिया में पहले स्थान पर है. वहीं गेहूं, कपास, मूंगफली और फल-सब्जियों के उत्पादन में भारत दूसरे नंबर पर है.
चावल और गेहूं के उत्पादन में भी बड़ी बढ़ोतरी
कृषि मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, साल 2025-26 में चावल का उत्पादन बढ़कर 1,551.54 लाख टन पहुंच गया. पिछले साल यानी 2024-25 में यह आंकड़ा 1,501.84 लाख टन था. इस तरह चावल के उत्पादन में 49.70 लाख टन की बढ़ोतरी हुई है.
गेहूं की बात करें तो इसका उत्पादन भी पिछले साल के 1,179.45 लाख टन से बढ़कर 1,220.64 लाख टन हो गया. यानी किसानों ने इस फसल में भी 41.19 लाख टन अधिक उत्पादन किया है.
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि देश में चावल और गेहूं का पर्याप्त भंडार मौजूद है. भारतीय चावल की मांग विदेशों में भी बढ़ रही है और इसके निर्यात में करीब 5 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है. अमेरिका, कनाडा और मिडिल ईस्ट के बाजारों में भारतीय बासमती चावल की अच्छी पहचान बनी हुई है.
मक्का और दालों के उत्पादन में भी दिखा दम
देश में मक्का उत्पादन के आंकड़े भी काफी उत्साहजनक रहे हैं. 2024-25 में जहां 434.09 लाख टन मक्का पैदा हुआ था, वहीं 2025-26 में यह बढ़कर 550.25 लाख टन हो गया.
मोटे और पोषक अनाज का कुल उत्पादन 740.80 लाख टन दर्ज किया गया. इसमें 172.09 लाख टन श्री अन्न यानी मिलेट्स शामिल हैं. दूसरी ओर, दलहन उत्पादन में भी बढ़ोतरी हुई है. पिछले साल 256.83 लाख टन दालों का उत्पादन हुआ था, जो इस बार बढ़कर 272.40 लाख टन पहुंच गया.
दालों में मूंग ने 43.96 लाख टन उत्पादन के साथ नया रिकॉर्ड बनाया. वहीं चने का उत्पादन 125.13 लाख टन और अरहर का उत्पादन 35.99 लाख टन दर्ज किया गया.
तिलहन उत्पादन में मूंगफली और सरसों ने बढ़ाया आंकड़ा
खाद्य तेलों के मामले में आत्मनिर्भर बनने की दिशा में भी भारत आगे बढ़ रहा है. साल 2025-26 में कुल तिलहन उत्पादन 432.55 लाख टन रहा, जबकि पिछले साल यह 429.89 लाख टन था.
इसमें मूंगफली का उत्पादन 131.71 लाख टन रहा, जो पिछले साल के मुकाबले 12.29 लाख टन अधिक है. इसी तरह सरसों और रेपसीड का उत्पादन बढ़कर 137.66 लाख टन हो गया. सोयाबीन का उत्पादन 126.36 लाख टन दर्ज किया गया.
नकदी फसलों में गन्ने का उत्पादन 5,037.29 लाख टन रहा. कपास की 280.06 लाख गांठों और जूट व मेस्ता की 94.28 लाख गांठों का उत्पादन हुआ.
खराब मौसम के बावजूद खरीफ फसलों से अच्छी उम्मीद
कृषि मंत्री ने 2026-27 के खरीफ सीजन के पहले अग्रिम अनुमान भी जारी किए. इस बार खरीफ की बुवाई के दौरान किसानों को मौसम की कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा. अल नीनो की स्थिति, जून में मानसून की देरी और कई राज्यों में कम बारिश के कारण खेती प्रभावित हुई.
महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश जैसे राज्यों के कुछ कृषि क्षेत्रों में मिट्टी की नमी कम होने और सूखे जैसी परिस्थितियों ने धान, मक्का, अरहर, सोयाबीन और कपास की बुवाई पर असर डाला.
हालांकि, इन चुनौतियों के बावजूद खरीफ सीजन में कुल खाद्यान्न उत्पादन 1,671.43 लाख टन रहने का अनुमान लगाया गया है. यह पिछले पांच वर्षों के औसत उत्पादन से 97.67 लाख टन ज्यादा है.
खरीफ सीजन में किन फसलों का कितना उत्पादन होगा?
पहले अग्रिम अनुमान के मुताबिक, खरीफ सीजन में चावल का उत्पादन 1,219.05 लाख टन रहने की उम्मीद है. वहीं, मोटे और पोषक अनाज का कुल उत्पादन 381.05 लाख टन रहने का अनुमान है.
इसमें मक्का 260.64 लाख टन, बाजरा 89.43 लाख टन, ज्वार 14.79 लाख टन और रागी 12.48 लाख टन तक पहुंच सकता है. छोटे मिलेट्स का उत्पादन 3.71 लाख टन रहने की संभावना जताई गई है.
दालों की बात करें तो खरीफ सीजन में कुल 71.32 लाख टन दलहन उत्पादन का अनुमान है. इसमें अरहर 31.22 लाख टन, मूंग 16.59 लाख टन और उड़द 14.49 लाख टन शामिल हैं. अन्य दालों का उत्पादन 9.02 लाख टन रहने की उम्मीद है.
वहीं, खरीफ तिलहन उत्पादन 239.47 लाख टन रहने का अनुमान है. इसमें मूंगफली का योगदान 111.68 लाख टन और सोयाबीन का 102.44 लाख टन रहने की संभावना है. इसके अलावा अरंडी 18.97 लाख टन, तिल 4.91 लाख टन और सूरजमुखी 1.17 लाख टन तक पहुंच सकता है.
नकदी फसलों में खरीफ सीजन के दौरान गन्ने का उत्पादन 4,543.39 लाख टन रहने का अनुमान लगाया गया है. कपास की 248.66 लाख गांठें और जूट व मेस्ता की 97.06 लाख गांठें पैदा होने की संभावना है.
अब दालों और खाद्य तेलों में आत्मनिर्भरता पर जोर
शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि चावल और गेहूं के उत्पादन में पर्याप्त स्थिति हासिल करने के बाद अब सरकार का ध्यान खेती में विविधता लाने पर है. खासतौर पर दालों और खाद्य तेलों के मामले में देश की घरेलू जरूरतों को पूरा करने के लिए उत्पादन बढ़ाने की कोशिश की जा रही है.
इसके लिए सरकार दलहन मिशन और तिलहन मिशन के जरिए किसानों को प्रोत्साहित कर रही है. इन अभियानों का उद्देश्य दालों और तिलहन की पैदावार बढ़ाना और आयात पर निर्भरता कम करना है.
कृषि मंत्री के मुताबिक, वैज्ञानिकों की ओर से विकसित की जा रही जलवायु अनुकूल फसल किस्में भी किसानों के लिए मददगार साबित हो रही हैं. बदलते मौसम के बीच खेती को सुरक्षित रखने और उत्पादन बनाए रखने में इन किस्मों की अहम भूमिका हो सकती है.
मंत्रालय ने साफ किया है कि 2026-27 खरीफ सीजन के ये आंकड़े पहले अग्रिम अनुमान हैं. फसल कटाई के दौरान किए जाने वाले प्रयोगों और वास्तविक पैदावार के आंकड़े सामने आने के बाद इनमें बदलाव किया जा सकता है. इसके बाद दूसरे और अंतिम अनुमान जारी होंगे.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



