Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

भूस्खलन से तबाह सिक्किम में भारतीय वायुसेना का बड़ा राहत अभियान, 33 लोगों को किया गया एयरलिफ्ट

सिक्किम में भीषण बारिश से उत्पन्न भूस्खलन के बाद भारतीय वायुसेना ने HADR ऑपरेशन चलाया, जिसमें 33 लोगों को सुरक्षित निकाला गया और राहत सामग्री पहुंचाई गई. यह अभियान चातेन क्षेत्र में केंद्रित रहा.

सिक्किम में हाल ही में आई भीषण बारिश के चलते हुए भूस्खलन ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है. राज्य के कई दूरदराज़ इलाकों का संपर्क टूट गया है और बड़ी संख्या में लोग फंस गए थे. ऐसे संकट के समय में भारतीय वायुसेना ने तेजी से मोर्चा संभाला और ह्यूमैनिटेरियन असिस्टेंस एंड डिजास्टर रिलीफ (HADR) ऑपरेशन के तहत व्यापक राहत अभियान चलाया.

वायुसेना ने Mi-17 हेलीकॉप्टरों को तुरंत तैनात कर प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री गिराई और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की टीमों को प्रभावित इलाकों में पहुंचाया गया. राहत कार्यों का मुख्य केंद्र सिक्किम के दुर्गम चातेन क्षेत्र में रहा, जहां बड़ी संख्या में लोग भूस्खलन के चलते फंसे हुए थे.

भारतीय वायुसेना के इस रेस्क्यू ऑपरेशन के तहत कुल 33 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जिनमें दो अमेरिकी नागरिक भी शामिल हैं. सभी को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है.

वायुसेना ने न केवल लोगों की जान बचाई, बल्कि खाद्य सामग्री, दवाएं और अन्य जरूरी राहत सामग्री भी गिराई, जिससे प्रभावित लोगों को तत्काल मदद मिल सके. ऑपरेशन की तस्वीरें और वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें वायुसेना के हेलीकॉप्टरों को दुर्गम इलाकों में उड़ान भरते और राहत सामग्री गिराते हुए देखा जा सकता है.

भारतीय वायुसेना के इस तेज और संगठित अभियान ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि संकट की घड़ी में सेना देशवासियों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है. राज्य प्रशासन और स्थानीय लोगों ने भी वायुसेना की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की है.

ये भी पढ़ें: CBI ने बालिकाओं से यौन शोषण के मामले का किया खुलासा, हिसार से आरोपी गिरफ्तार

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital