RailOne App: यात्रियों की सभी आवश्यक सेवाओं के लिए एक वन-स्टॉप सॉल्यूशन है. इस ऐप के माध्यम से यात्रियों को निम्नलिखित सेवाओं तक सरलता से पहुंच मिलती है.
इस ऐप से यात्रियों को टिकटिंग – आरक्षित, अनारक्षित, प्लेटफार्म टिकट; ट्रेन और PNR पूछताछ, यात्रा योजना, रेल मदद सेवाएं, ट्रेन में भोजन बुकिंग में मदद मिलती है.
साथ ही, इसमें माल परिवहन (फ्रेट) से संबंधित पूछताछ की सुविधा भी उपलब्ध है.
इस ऐप का मूल उद्देश्य उपयोगकर्ताओं को बेहतर अनुभव प्रदान करना है, जिसे सरल और स्पष्ट यूआई (यूजर इंटरफेस) के माध्यम से साकार किया गया है.
यह न केवल सभी सेवाओं को एक स्थान पर समाहित करता है, बल्कि सेवाओं के बीच एकीकृत संपर्क भी प्रदान करता है, जिससे उपयोगकर्ता को भारतीय रेल सेवाओं का समग्र पैकेज मिलता है.
जानें RailOne ऐप की खास सुविधाएं
इस ऐप की एक विशेष सुविधा है सिंगल साइन-ऑन. इससे उपयोगकर्ताओं को कई पासवर्ड याद रखने की आवश्यकता नहीं पड़ती.
RailOne ऐप डाउनलोड करने के बाद, RailConnect या UTSonMobile ऐप की मौजूदा यूजर आईडी से लॉगिन किया जा सकता है.
इसके कारण उपयोगकर्ताओं को अलग-अलग सेवाओं के लिए अलग-अलग ऐप रखने की जरूरत नहीं पड़ती, जिससे डिवाइस की स्टोरेज भी बचती है.
गेस्ट यूजर्स के लिए भी खास विकल्प
इस ऐप में आर-वॉलेट (Railway e-wallet) की सुविधा भी जोड़ी गई है. संख्यात्मक mPIN और बायोमेट्रिक लॉगिन जैसी आसान लॉगिन सुविधाएं भी दी गई हैं.
नए उपयोगकर्ताओं के लिए कम से कम जानकारी देकर पंजीकरण की व्यवस्था है, जिससे रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया आसान और तेज बनती है.
केवल पूछताछ करने वाले उपयोगकर्ता गेस्ट लॉगिन के जरिए मोबाइल नंबर और OTP से भी लॉगिन कर सकते हैं.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





