इंदौर में 15 साल की लड़की को धक्का मारकर गरबा पंडाल से निकाला
Indore Garba Controversy: मध्य प्रदेश की मोहन सरकार कभी महिला सशक्तिकरण की बात करती है, तो कभी बेटी बचाओ का नारा देते दिखाई देती है. मोहन यादव खुद कन्याओं को देवी का रूप बताते हैं. लेकिन इनके नेता इन्हीं कन्याओं के सम्मान के साथ खिलवाड़ करते दिखाई देते हैं. ऐसा ही एक मामला इंदौर से सामने आया है.
दरअसल मध्य प्रदेश के इंदौर में बीजेपी नेता का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इसमें वह गरबा खेलने आई 15 साल की लड़की को धक्का देकर पंडाल से बाहर करते दिखाई दे रहे हैं. दावा किया गया है कि यह घटना शुक्रवार रात कनकेश्वरी गरबा आयोजन के दौरान हुई, जिसका आयोजन बीजेपी विधायक रमेश मेंदोला करते हैं.
विधायक जी की पिट रही भद्द
अब नेताजी के चक्कर में इनके नेता रमेश मेंदोला की भद्द पिट रही है. वीडियो में दिखाई दे रहे नेता जी की पहचान कमल चौहान के रूप में हुई है. घटना के दौरान किसी ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया.
वीडियो सामने आने के बाद बीजेपी नेता के व्यवहार पर सवाल उठ रहे हैं. जिस पार्टी के नेता महिला सुरक्षा, बेटी बचाओ और कन्या पूजन जैसी बातें करते हुए समाज में वोट मांगने जाते हैं. उसी से जुड़े पदाधिकारी पर एक नाबालिग लड़की के साथ इस तरह का व्यवहार करने का आरोप लगा है.
बेटी बचाओ के नारों पर उठ रहे सवाल
गरबा जैसे सार्वजनिक आयोजन में अनुशासन बनाए रखना आयोजकों की जिम्मेदारी है, लेकिन इसके नाम पर किसी किशोरी के साथ कैसा व्यवहार किया गया, यह भी अहम सवाल है. सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो को लेकर लोग संबंधित नेता के आचरण पर सवाल उठा रहे हैं.
मामला विधायक रमेश मेंदोला के आयोजन से जुड़ा बताया जा रहा है. ऐसे में कार्यक्रम की व्यवस्था और आयोजकों की जवाबदेही पर भी चर्चा हो रही है. हालांकि इस कार्यक्रम के आयोजन में बीजेपी विधायक रमेश मेंदोला सीधे तौर से जुड़े थे या नहीं इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है.
ये भी पढ़ें- यूपी में घूमते थे रक्तबीज जैसे माफिया…! नवरात्रि की पावन सप्तमी पर बधाई देते हुए क्या बोल गए सीएम योगी?
अब निगाहें बीजेपी संगठन पर हैं कि वह अपने पदाधिकारी पर लगे आरोपों को लेकर क्या रुख अपनाता है. देखना है कि महिला सशक्तिकरण, बेटी बचाओ और कन्या-पूजन जैसी बातें करने वाली पार्टी, इस नेता की ओछी हरकत की, इसे क्या सजा देती है?
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



