Bharat Express DD Free Dish

ईरान संकट पर भारत अलर्ट, दूतावास ने भारतीय के लिए जारी की ट्रैवल एडवाइजरी

ईरान में जारी आर्थिक संकट और रियाल की गिरती कीमत के बीच बढ़ते प्रदर्शनों ने हालात को तनावपूर्ण बना दिया है. इसी को देखते हुए भारत सरकार ने अपने नागरिकों को ईरान की गैर-जरूरी यात्रा से बचने की सलाह दी है.

Indian Embassy

ईरान में लगातार बिगड़ते हालात के बीच भारत सरकार ने अपने नागरिकों की सुरक्षा को लेकर बड़ा कदम उठाया है. मौजूदा तनाव और प्रदर्शनों को देखते हुए भारत ने अपने नागरिकों को अगली सूचना तक Iran की गैर-जरूरी यात्रा से बचने की सलाह दी है. यह एडवाइजरी सोमवार को विदेश मंत्रालय की ओर से जारी की गई, जिसमें साफ कहा गया है कि हालात अभी स्थिर नहीं हैं और सतर्कता बेहद जरूरी है.

Iran में रह रहे भारतीयों के लिए खास अपील

विदेश मंत्रालय ने ईरान में रह रहे भारतीय नागरिकों और भारतीय मूल के लोगों से कहा है कि वे पूरी सावधानी बरतें. खासतौर पर प्रदर्शन, रैलियों या किसी भी तरह की भीड़-भाड़ वाली जगहों से दूर रहने की हिदायत दी गई है. मंत्रालय ने यह भी कहा है कि स्थानीय हालात तेजी से बदल रहे हैं, इसलिए हर समय सतर्क रहना जरूरी है.

इसके साथ ही भारतीय नागरिकों से अपील की गई है कि वे भारतीय दूतावास, तेहरान की वेबसाइट और सोशल मीडिया हैंडल्स पर जारी होने वाली सूचनाओं पर नियमित नजर रखें, ताकि किसी भी आपात स्थिति में सही जानकारी तुरंत मिल सके.

पंजीकरण कराना अनिवार्य

विदेश मंत्रालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि जो भारतीय नागरिक ईरान में रेजिडेंट वीजा पर रह रहे हैं और अभी तक दूतावास में पंजीकृत नहीं हैं, वे जल्द से जल्द अपना रजिस्ट्रेशन करा लें. इससे किसी भी संकट की स्थिति में दूतावास को उनकी मदद करने में आसानी होगी.

क्यों बिगड़े हालात?

ईरान के कई शहरों में इन दिनों जबरदस्त विरोध प्रदर्शन देखने को मिल रहे हैं. देश की राष्ट्रीय मुद्रा रियाल की कीमत में आई भारी गिरावट ने आम लोगों की जिंदगी मुश्किल कर दी है. महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक दबाव के चलते लोग सड़कों पर उतर आए हैं. कई जगहों पर प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच झड़पों की खबरें भी सामने आई हैं, जिनमें कुछ प्रांतों से मौतों की पुष्टि की गई है.

अमेरिका की कड़ी चेतावनी

इस पूरे घटनाक्रम पर अमेरिका भी नजर बनाए हुए है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि अगर वहां की सरकार प्रदर्शनों को दबाने के लिए हिंसा का रास्ता अपनाती है, तो अमेरिका कड़ी प्रतिक्रिया दे सकता है.

भारत समयानुसार सोमवार को, फ्लोरिडा के मार-ए-लागो से व्हाइट हाउस लौटते समय एयर फोर्स वन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए ट्रंप ने कहा, “हम हालात पर बहुत करीब से नजर रख रहे हैं.” उन्होंने यह भी जोड़ा कि अगर नागरिकों के खिलाफ हिंसा हुई, तो अमेरिका की प्रतिक्रिया “बहुत सख्त” हो सकती है, हालांकि उन्होंने किसी ठोस कार्रवाई या समयसीमा का खुलासा नहीं किया.

भारत की प्राथमिकता: नागरिकों की सुरक्षा

फिलहाल भारत सरकार की सबसे बड़ी चिंता ईरान में फंसे अपने नागरिकों की सुरक्षा है. हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर आगे के कदम उठाए जा सकते हैं. सरकार ने साफ किया है कि स्थिति सामान्य होने तक सतर्क रहना ही सबसे समझदारी भरा कदम है.

ये भी पढ़ें: पीएम मोदी 11 जनवरी को राजकोट में ‘वाइब्रेंट गुजरात रीजनल कॉन्फ्रेंस’ का करेंगे उद्घाटन- हर्ष संघवी

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read