Bharat Express DD Free Dish
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital

पीएम मोदी 11 जनवरी को राजकोट में ‘वाइब्रेंट गुजरात रीजनल कॉन्फ्रेंस’ का करेंगे उद्घाटन- हर्ष संघवी

उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने राजकोट में उद्योगपतियों के साथ बैठक कर उनके समस्याओं का तुरंत समाधान किया और राज्य में निवेश बढ़ाने के लिए वाइब्रेंट गुजरात रीजनल कॉन्फ्रेंस के आयोजन की जानकारी दी.

उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने सोमवार को राजकोट जिला कलेक्टर कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के मार्गदर्शन में आज (सोमवार) को राजकोट में सौराष्ट्र-कच्छ के उद्योगपतियों के साथ समन्वय बैठक आयोजित की गई, जिसमें राज्य के छोटे-बड़े उद्योगकारों की मुश्किलों, समस्याओं और उनके विभिन्न मुद्दों का तत्काल समाधान किया गया ताकि वे और अधिक निवेश करके अपने उद्योगों का विकास कर सकें. इसके साथ ही, सभी विभागों के साथ एक समूह बैठक भी की गई.

उन्होंने कहा कि मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में राजकोट, गुजरात, का ग्रोथ इंजन है और आने वाले दिनों में देश और दुनिया से और अधिक निवेश आकर्षित करने के लिए सीएम भूपेंद्र पटेल के मार्गदर्शन में राजकोट में वाइब्रेंट गुजरात रीजनल कॉन्फ्रेंस (वीजीआरसी) का आयोजन होने जा रहा है. उन्होंने बताया कि इससे पूर्व मेहसाणा में पहली वाइब्रेंट गुजरात रीजनल कॉन्फ्रेंस सफलतापूर्वक आयोजित हो चुकी है.

हर्ष संघवी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी 11 जनवरी को राजकोट स्थित मारवाड़ी यूनिवर्सिटी में वाइब्रेंट गुजरात रीजनल कॉन्फ्रेंस का उद्घाटन करेंगे. उन्होंने उम्मीद जताई कि इस कॉन्फ्रेंस के दौरान और उसके बाद के दिनों में भी सौराष्ट्र और कच्छ में बड़े पैमाने पर निवेश आएगा.

उन्होंने कहा कि राजकोट मैन्युफैक्चरिंग सहित सभी सेक्टरों में काफी तेजी से प्रगति कर रहा है. लेकिन, और भी अधिक गति से विकास हो सके और व्यापारियों, उद्योगकारों एवं मैन्युफैक्चरर्स को ज्यादा आसानी से काम करने के लिए आज उनकी बैठक का आयोजन किया गया.

निवेश और विकास को लेकर नई उम्मीदें

उन्होंने आगे कहा कि आज राजकोट से गुजरात सरकार की विभिन्न औद्योगिक नीतियों के तहत राज्य के 10,435 उद्योगकारों को 956.51 करोड़ रुपए की प्रोत्साहक सहायता का वितरण किया गया है. टेक्सटाइल, इंसेंटिव टू इंडस्ट्रीज, पर्यावरण, औद्योगिक बुनियादी ढांचे की योजना, लघु उद्योगों से संबंधित योजना जैसी योजनाओं के अंतर्गत सौराष्ट्र एवं कच्छ के 137 उद्योगकारों को कुल 661.73 करोड़ रुपए की राशि के स्वीकृति पत्रों का वितरण किया गया.

उन्होंने आगे कहा कि गुजरात देश में सबसे तेजी से इंसेंटिव देने वाला राज्य है. इस प्रक्रिया को और भी तेज बनाने के लिए उद्योग विभाग दिन-रात काम कर रहा है.

उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश में सबसे अधिक निवेश लाने में गुजरात की सफलता का जिक्र करते हुए आशा व्यक्त की कि आने वाले दिनों में भी मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में गुजरात सरकार सभी नागरिकों के सहयोग से राज्य में अधिक से अधिक निवेश लाकर विकास के मार्ग पर अग्रसर रहेगी.

स्थल पर ही निपटाई गई उद्योगों की समस्याएं

उधर, प्रभारी मंत्री जीतूभाई वाघाणी ने कहा कि उद्योगकार और व्यापारी मैन्युफेक्चरिंग और व्यापार-धंधों के जरिए राज्य की अर्थव्यवस्था में अहम योगदान दे रहे हैं. मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी के नेतृत्व में उद्योगकारों की समस्याओं का स्थल पर ही निपटारा करने तथा नीति विषयक मुद्दों का तत्काल राज्य स्तर से समाधान करने के लिए यहां उद्योगकारों के साथ बैठक की गई, जो स्वागत योग्य है.

ये भी पढ़ें- सीएम योगी ने पीएम मोदी से की मुलाकात, कहा- ‘उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा में नवीन ऊर्जा का संचार’

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital