Delhi Crime: राजधानी दिल्ली के पॉश इलाके अमर कॉलोनी से एक ऐसी खबर आई है जिसने सबको झकझोर कर रख दिया है. बुधवार की सुबह यहाँ एक आईआरएस (IRS) अधिकारी की 22 वर्षीय बेटी की उसके घर में ही हत्या कर दी गई. इस वारदात ने न सिर्फ सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, बल्कि इलाके में दहशत का माहौल बना दिया है. पुलिस को अंदेशा है कि हत्या से पहले युवती के साथ यौन उत्पीड़न भी किया गया है.
जिम गए थे माता-पिता पीछे से हुई वारदात
जानकारी के मुताबिक, यह खौफनाक घटना उस वक्त हुई जब युवती के माता-पिता रोजाना की तरह सुबह जिम गए हुए थे. वह घर पर अकेली थी. बताया जा रहा है कि मृतका ने हाल ही में इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की थी और अपने पिता के पदचिन्हों पर चलते हुए यूपीएससी (UPSC) की तैयारी कर रही थी. जब माता-पिता घर लौटे, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई; बेटी का शव घर के अंदर पड़ा मिला.
चार्जिंग केबल से घोंटा गला
शुरुआती तफ्तीश में जो बात सामने आई है, वह बेहद चौंकाने वाली है. पुलिस सूत्रों का कहना है कि कातिल ने मोबाइल चार्जिंग केबल का इस्तेमाल कर युवती का गला घोंटा है. शक की सुई घर के एक पुराने नौकर पर टिकी है, जो राजस्थान का रहने वाला बताया जा रहा है. इस नौकर को करीब डेढ़ महीने पहले ही काम से निकाला गया था. पुलिस का मानना है कि हो सकता है कि नौकरी से निकाले जाने का बदला लेने के लिए उसने इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया हो.
ये भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ के बोरिद में खौफनाक मंजर: हाथ में तलवार लेकर राहगीरों के पीछे दौड़ा युवक, मच गई भगदड़
सीसीटीवी और फॉरेंसिक सबूतों की तलाश
घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस के आला अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई. घर से जरूरी साक्ष्य जुटाए गए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपी की लोकेशन का पता लगाया जा सके. पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है ताकि यौन शोषण की आशंका की पुष्टि हो सके.
फिलहाल, दिल्ली पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि संदिग्ध की तलाश में छापेमारी जारी है और जल्द ही उसे सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


