Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव: राहुल गांधी 4 सितंबर को करेंगे दो रैलियां

जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव में नेशनल कॉन्फ्रेंस (एनसी) और कांग्रेस के बीच गठबंधन है. जम्मू-कश्मीर की 90 सीटों में से नेशनल कॉन्फ्रेंस 52 और कांग्रेस 31 सीटों पर चुनाव लड़ेगी.

Rahul Gandhi

राहुल गांधी (फोटो- IANS)

Jammu and Kashmir Assembly Elections: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी आगामी 4 सितंबर को जम्मू-कश्मीर में दो चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे. कांग्रेस महासचिव और उत्तर कश्मीर के अनंतनाग जिले के डूरू विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार गुलाम अहमद मीर ने इसकी जानकारी दी है. गुलाम अहमद मीर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि कांग्रेस-एनसी गठबंधन के उम्मीदवार चाहते हैं कि राहुल गांधी केंद्र शासित प्रदेश में उनकी चुनावी रैलियों को संबोधित करें.

मीर ने कहा, “राहुल गांधी आगामी 4 सितंबर को जम्मू-कश्मीर पहुंचेंगे और यहां वे दो चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे. एक रैली जम्मू में होगी और दूसरी रैली कश्मीर घाटी में होगी.”

इससे पहले शनिवार को जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए कांग्रेस ने अपने 40 स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी कर दी है. इस लिस्ट में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सीपीपी चेयरपर्सन सोनिया गांधी और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का नाम शामिल हैं.

जम्मू-कश्मीर में पहले चरण के लिए 18 सितंबर को वोटिंग होगी. कांग्रेस पार्टी ने पहले चरण के लिए 40 स्टार प्रचारकों की लिस्ट शनिवार को जारी की है. कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल द्वारा जारी सूची में जयराम रमेश, अंबिका सोनी, अजय माकन, सलमान खुर्शीद और कन्हैया कुमार का नाम शामिल है.

इसके अलावा इस लिस्ट में हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, पंजाब के पूर्व सीएम चरणजीत सिंह चन्नी, राजस्थान के पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट को भी जगह मिली है. बता दें कि जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव में नेशनल कॉन्फ्रेंस (एनसी) और कांग्रेस के बीच गठबंधन है. जम्मू-कश्मीर की 90 सीटों में से नेशनल कॉन्फ्रेंस 52 और कांग्रेस 31 सीटों पर चुनाव लड़ेगी.

पूर्व मुख्यमंत्री और एनसी के उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला गांदरबल जिले की विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे. एनसी के संस्थापक और उमर अब्दुल्ला के दादा शेख मोहम्मद अब्दुल्ला ने 1975 में इस सीट से जीत हासिल की थी. नेशनल कॉन्फ्रेंस ने पहले ही 50 सीटों पर प्रत्याशियों के नामों का ऐलान कर दिया है.


ये भी पढ़ें- “राहुल गांधी का नाम ‘विदेशी’ रख दिया जाए तो कोई दिक्कत नहीं”, पढ़ें गिरिराज सिंह ने क्यों कहा ऐसा


-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital