दिल्ली में SOG का बड़ा एक्शन
Jammu-Kashmir News: जम्मू-कश्मीर से दो ऐसी बड़ी और सनसनीखेज खबरें सामने आई हैं, जिन्होंने प्रशासनिक गलियारों से लेकर आम लोगों के बीच हलचल बढ़ा दी है. एक तरफ जहां सुरक्षाबलों और पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन विंग (SOG) ने संगठित अपराध पर बड़ी चोट करते हुए कुख्यात ‘खौफ गैंग’ के तीन सदस्यों को दिल्ली से धर दबोचा है, वहीं दूसरी तरफ रामबन जिले में संदेहास्पद परिस्थितियों में दो पुलिसकर्मियों के शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है.
दिल्ली से दबोचा गया मास्टरमाइंड
जम्मू पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) टीम ने अपराधियों के खिलाफ शिकंजा कसते हुए एक बड़े ऑपरेशन को अंजाम दिया है. पुलिस ने खौफ गैंग से जुड़े तीन खतरनाक सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिनमें गैंग का मुख्य आरोपी करणजीत सिंह उर्फ गुग्गा भी शामिल है. करणजीत पर हत्या, हत्या के प्रयास, दंगा भड़काने, मारपीट और अवैध हथियार रखने जैसे कई गंभीर आपराधिक मामले पहले से ही दर्ज हैं और वह लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर चल रहा था.
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, करणजीत सिंह मूल रूप से आरएस पुरा के डबलेहर का रहने वाला है और उस पर चर्चित गटारू हत्याकांड में भी संलिप्तता का आरोप है. इसके अलावा, वह पिछले दिनों तब सबसे ज्यादा सुर्खियों में आया था जब वह आरएस पुरा स्थित ऑब्जर्वेशन होम से दो कैदियों के साथ फरार हो गया था. आरोप है कि उस दौरान उसने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों पर जानलेवा हमला किया था और ऑब्जर्वेशन होम के अंदर फायरिंग कर पुलिसवालों को घायल कर दिया था.
गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ तेज
SOG ने अपनी इस छापामार कार्रवाई के दौरान खौफ गैंग के दो अन्य गुर्गों को भी राजधानी दिल्ली से दबोचने में सफलता पाई है. पकड़े गए अन्य आरोपियों में अरनिया का रहने वाला नरेश कुमार उर्फ मेजर शामिल है, जिस पर हिंसक हमलों और अवैध हथियारों के कई केस दर्ज हैं. इसके अलावा, मखनपुर (बिश्नाह) के रहने वाले राहुल कुमार उर्फ सुंडी को भी गिरफ्तार किया गया है, जिस पर जेल परिसर के भीतर नशीले पदार्थों की तस्करी से जुड़े मामलों में कार्रवाई चल रही थी. फिलहाल SOG इन सभी से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि इनके पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके.
ये भी पढ़ें- पटना के बाढ़ अनुमंडल में कर्मा पूजा विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा, गंगा नदी में डूबे 11 लोग; 1 का शव बरामद, 6 लापता
रामबन में दर्दनाक हादसा
एक तरफ जहां पुलिस अपराधियों की धरपकड़ में जुटी थी, वहीं दूसरी तरफ जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई. बटोटे तहसील के सना इलाके में जियारत मोड़ के पास एक कार के भीतर दो पुलिसकर्मियों के शव मिलने से हड़कंप मच गया. दोनों पुलिसकर्मी एक फिएट लीनिया कार के अंदर बेहोशी की हालत में पाए गए थे.
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए आगे आए और दोनों को फौरन नजदीकी जिला अस्पताल रामबन पहुंचाया. हालांकि, अस्पताल के डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया. मृतकों की पहचान हेड कांस्टेबल फरीद अहमद और सिलेक्शन ग्रेड कांस्टेबल मोहम्मद याकूब के रूप में हुई है, जो दोनों ही जिला पुलिस लाइंस (DPL), रामबन में अपनी सेवाएं दे रहे थे.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

